देश सेवा में बिताए 22 साल, अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब; शोक में डूबा गांव
राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम सलामी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के पांडुका अंचल में उस वक्त माहौल गमगीन हो गया, जब देश की सेवा में 22 साल समर्पित करने वाले CRPF जवान बंशीलाल यादव का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा। अपने गांव के लाडले जवान को अंतिम विदाई देने के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा। कहीं आंखों में आंसू थे, तो कहीं भारत माता के जयकारे और जवान के अमर रहने के नारे गूंज रहे थे। राजकीय सम्मान के साथ निकली अंतिम यात्रा में ग्रामीणों ने पुष्प अर्पित कर अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी। जवान के निधन से सरकड़ा सहित पूरे अंचल में शोक की लहर है।
मोर्चे पर ड्यूटी के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सरकड़ा निवासी बंशीलाल यादव वर्ष 2004 से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में सेवाएं दे रहे थे। अपने लगभग 22 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने नौ से अधिक मिशनों में भाग लेकर देश की सुरक्षा में योगदान दिया। वर्तमान में वे CRPF की 111वीं बटालियन में दंतेवाड़ा में पदस्थ थे।
बताया गया कि 11 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे वे मोर्चे पर संतरी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे गिर पड़े। साथी जवान तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बटालियन के अधिकारियों और साथ आए जवानों से मिली जानकारी के अनुसार, हृदयाघात के कारण उनका निधन हुआ।
रात 11 बजे गांव पहुंचा पार्थिव शरीर
आवश्यक प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद जवान का पार्थिव शरीर रविवार रात करीब 11 बजे उनके गृह ग्राम सरकड़ा लाया गया। अपने गांव के बेटे के अंतिम दर्शन के लिए परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण बड़ी संख्या में जुटे। जवान के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही शोक का माहौल छा गया। ग्रामीणों ने अपने प्रिय जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए सुबह से ही तैयारियां कीं और सम्मान स्वरूप कई लोगों ने अपने कामकाज बंद रखे।
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई
जवान बंशीलाल यादव की अंतिम यात्रा पूरे गांव से निकाली गई। बाजे-गाजे और देशभक्ति गीतों के बीच निकली इस यात्रा में ग्रामीणों ने जगह-जगह फूल बरसाकर और पुष्पमालाएं अर्पित कर अपने वीर सपूत को नमन किया। इस दौरान भारत माता की जय और जवान अमर रहें के नारों से गांव की गलियां गूंज उठीं।
दंतेवाड़ा के कारली पुलिस लाइन से पहुंचे 15 से अधिक अधिकारियों सहित CRPF के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम सलामी दी। सैन्य सम्मान के तहत हवाई फायरिंग कर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राजकीय सम्मान के साथ संपन्न अंतिम विदाई के दौरान उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।
जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम विदाई कार्यक्रम में CRPF के डिप्टी कमांडेंट, डीएसपी अजय सिंह, महेंद्र सिंह, एसआई रश्मि रंजन डेहरा, एसआई आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे। राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, जनपद सदस्य दुलारी साहू, ग्राम पंचायत के सरपंच तथा पांडुका थाना प्रभारी मेजर मनीष वर्मा सहित अन्य लोगों ने भी जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, आसपास के गांवों के लोग और शोकाकुल परिजन उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से बंशीलाल यादव को अंतिम विदाई दी।
गांव के बेटे के निधन से हर आंख नम
बंशीलाल यादव का निधन सरकड़ा गांव के लिए अपूरणीय क्षति है। करीब 22 वर्षों तक देश की सेवा में समर्पित रहने वाले जवान के अचानक चले जाने से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा गांव शोक में डूबा है। अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ उनके प्रति ग्रामीणों के सम्मान और लगाव को बयां कर रही थी। देश की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जवान बंशीलाल यादव की स्मृतियां अब उनके गांव और परिवार के बीच हमेशा जीवित रहेंगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











