साहित्य समाज का दर्पण, रचनाकार अपनी लेखनी से देते हैं सकारात्मक दिशा : चंदूलाल साहू
रत्नांचल पुस्तक परिचर्चा एवं सम्मान समारोह में साहित्यकारों ने साझा किए विचार, रचनाकारों का हुआ सम्मान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गायत्री मंदिर सभागृह में रत्नांचल जिला साहित्य एवं जनकल्याण समिति गरियाबंद के तत्वावधान में रत्नांचल पुस्तक परिचर्चा एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।
मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य गृह विकास निगम के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त चंदूलाल साहू ने कहा कि राजिम साहित्यकारों की भूमि है और साहित्य समाज का दर्पण है। साहित्यकार अपनी सोच को शब्दों में अभिव्यक्त कर समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि मोबाइल के दौर में रत्नांचल पुस्तक का प्रकाशन जिले की साहित्यिक गाथा को संजोने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद राजिम के अध्यक्ष महेश यादव ने की। उन्होंने कहा कि साहित्य के क्षेत्र में राजिम की भूमि उर्वरा रही है। पंडित सुंदरलाल शर्मा, पुरुषोत्तम अनासक्त, संत कवि पवन दीवान और कृष्ण रंजन जैसे साहित्यकारों की रचनाएं आज भी प्रासंगिक हैं।
विशिष्ट अतिथि गजलकार ओमप्रकाश गोयल ‘अश्क-बस्तरी’ ने कहा कि रत्नांचल पुस्तक ने जिले के साहित्यकारों को एक मंच दिया है। समिति अध्यक्ष जितेंद्र सुकुमार ‘साहिर’ ने बताया कि रत्नांचल काव्य संग्रह में गरियाबंद जिले के 150 रचनाकारों की रचनाएं शामिल हैं, जिनमें 25 दिवंगत एवं 125 वर्तमान रचनाकार हैं।
हास्य-व्यंग्य कवि काशीपुरी कुंदन, वरिष्ठ साहित्यकार एवं भाषाविद् दिनेश चौहान और वरिष्ठ साहित्यकार व्यास नारायण चतुर्वेदी ने भी साहित्य की भूमिका पर विचार रखे। दिनेश चौहान ने ‘जेन-जी’ पीढ़ी की साहित्यिक सक्रियता का उल्लेख करते हुए रचनाओं का पाठ किया।
साहित्यकारों का सम्मान

कार्यक्रम में धमतरी के मनीराम साहू एवं धर्मेंद्र सिंहा, बंधु राजेश्वर खरें, संतोष शर्मा, सुरेश बंजारे को प्रदीप मिश्रा, युवराज देवदास, सुखी राम साहू को रत्नांचल का रत्न सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा जितेंद्र सुकुमार ‘साहिर’, डॉ. मुन्नालाल देवदास, नूतनलाल साहू ‘नूतन’, पुरुषोत्तम चक्रधारी, प्रदीप कुंवरदादा, बीएल श्रीवास, विजय सिन्हा, रेनू शर्मा, सरोज कंसारी, भोजराम साहू, संतोष साहू, अशोक शर्मा, केंवरा यदु, सुरेश बंजारे, कल्याणी कंसारी और भवानी कंसारी सहित अन्य साहित्यकारों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संतोष कुमार सोनकर मंडल ने किया तथा आभार प्रदर्शन मुन्नालाल देवदास ने किया। इस अवसर पर पार्षद सुरेश पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, उपाध्यक्ष भारत सिन्हा, बादल साहू सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
नन्ही भवानी कंसारी की सुरीली तानों से गूंजा गायत्री मंदिर, रत्नांचल समिति ने प्रतिभा को सराहा











