दो अलग-अलग हादसों में युवती समेत 3 की दर्दनाक मौत, सीसीटीवी में कैद हुआ मौत का मंजर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– दो अलग-अलग सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार भारी वाहनों की चपेट में आने से एक युवती समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर हुई, जहां बाइक और एक्टिवा की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवक-युवती को पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। वहीं दूसरी घटना उरगा चौक के पास हुई, जहां ट्रेलर की टक्कर से स्कूटी सवार बुजुर्ग की जान चली गई। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
बाइक-एक्टिवा की टक्कर के बाद ट्रक ने कुचला
पहली घटना कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग की है। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह बाइक और एक्टिवा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों पर सवार युवक और युवती सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे भारी वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक ट्रक के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक्टिवा सवार युवती भी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तत्काल डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद ट्रक चालक के मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
ट्रेलर ने बुजुर्ग को रौंदा, CCTV में कैद हुई घटना
दूसरी दर्दनाक घटना उरगा थाना क्षेत्र के उरगा चौक के पास हुई। जानकारी के अनुसार, सेमीपाली निवासी कृति नायडू (करीब 65 वर्ष) मंगलवार को एटीएम और निजी काम से उरगा चौक आए थे। काम पूरा करने के बाद वह स्कूटी से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और इसी दौरान ट्रेलर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से कुचलने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना का दृश्य कैद हुआ है।
स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ा, ट्रेलर जब्त
हादसे के बाद ट्रेलर चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया गया। सूचना पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रेलर को जब्त कर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर भी हादसे की जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











