AI ब्लैकमेलिंग केस में गिरफ्तारी, अब सरकारी सील तोड़कर होटल में घुसने और धमकी देने का आरोप, होटल कारोबारी दीपक टंडन और पत्नी पर FIR

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में होटल कारोबारी दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। होटल की संपत्ति पर कब्जा करने, नगर निगम की सरकारी सील तोड़ने और जबरन प्रवेश करने के आरोप में दोनों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज की गई है। आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की आठ धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में ताला तोड़ने, अश्लील हरकत करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
लीज समाप्त होने के बाद शुरू हुआ संपत्ति विवाद
FIR के मुताबिक, सरिता बाजपेयी ने वर्ष 2021 में अपनी संपत्ति होटल और बैकवेट हॉल संचालित करने के लिए दीपक टंडन को लीज पर दी थी। इसी परिसर में ‘होटल बेलाकासा श्री’ का संचालन किया जा रहा था। लीज की शुरुआती अवधि वर्ष 2024 में समाप्त हो गई थी, जिसके बाद आपसी सहमति से इसे दो बार 11-11 महीने के लिए बढ़ाया गया। लीज की अंतिम अवधि 7 अप्रैल 2026 को समाप्त हो गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब एक साल से किराया भी नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा था। वहीं, संपत्ति का प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं होने के कारण नगर निगम ने 18 अगस्त 2026 को होटल को सील कर दिया था।
सरकारी सील तोड़ने और दोबारा कब्जे का आरोप
सरिता बाजपेयी का आरोप है कि 23 अगस्त को जब वे संपत्ति का कब्जा लेने पहुंचीं, तब बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके कर्मचारी नगर निगम की सील तोड़कर होटल के अंदर मौजूद थे। इसकी शिकायत नगर निगम में किए जाने के बाद संपत्ति को दोबारा सील कर दिया गया।
FIR में बताया गया है कि 30 सितंबर को चाबी सौंपने को लेकर बातचीत हुई थी। इसके बाद 26 अक्टूबर को नगर निगम के जोन-10 के कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में होटल की सील खोली और पंचनामा तैयार किया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, अगले दिन 27 अक्टूबर को जब वे अपने साथी के साथ होटल पहुंचीं, तो वहां बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके साथियों ने मुख्य गेट सहित अंदर के ताले तोड़ दिए और जबरन संपत्ति में प्रवेश कर लिया। इस दौरान अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी शिकायत में लगाए गए हैं।
BNS की आठ धाराओं में केस दर्ज
तेलीबांधा पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 126(2), 296, 3(5), 324(4), 329(4), 331(2), 331(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले से जुड़े घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
इससे पहले AI तस्वीरों से छेड़छाड़ के मामले में हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि दीपक टंडन को इससे पहले 6 नवंबर को बिलासपुर की सिरगिट्टी पुलिस ने रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई बिलासपुर निवासी मणिशंकर पांडे की शिकायत पर की गई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनकी तस्वीरों के साथ AI तकनीक के जरिए छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार की गई। इसके बाद न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक खबरें प्रसारित कर उनकी छवि खराब करने और ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल फोन जब्त किए थे। फिलहाल डिजिटल सामग्री की जांच की जा रही है।
बता दे कि दीपक टंडन ने छत्तीसगढ़ की तत्कालीन DSP कल्पना वर्मा पर प्यार में फंसाकर करोड़ों रुपए ऐंठने का आरोप लगाया था जिससे वे सुर्खियों में थे। फिलहाल दीपक टंडन से जुड़े ये दोनों मामले अलग-अलग हैं। बिलासपुर का मामला AI के जरिए तस्वीरों से छेड़छाड़ और कथित ब्लैकमेलिंग से संबंधित है, जबकि रायपुर की ताजा FIR होटल की संपत्ति, लीज समाप्त होने के बाद कब्जे और सरकारी सील तोड़ने के आरोपों से जुड़ी है। दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
कुरूद SDM कार्यालय में ACB की कार्रवाई, 10 हजार रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार











