राजिम में कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा जनसैलाब, मड़ई में पैर रखने तक की जगह नहीं; नदी में पानी ने बदला मेले का नजारा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ के प्रयाग कहे जाने वाले राजिम में कार्तिक पूर्णिमा का पर्व पर ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों लोगों ने महानदी, पैरी और सोंढूर के संगम में पुण्य स्नान कर दीपदान किया और भगवान राजीव लोचन, श्री कुलेश्वरनाथ महादेव सहित विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाली पारंपरिक नदिया मड़ई में भी दिनभर लोगों की भारी भीड़ बनी रही।

मंदिरों में दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें

कार्तिक पूर्णिमा पर श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। भक्तों ने कतार में लगकर भोलेनाथ के दर्शन किए। कई श्रद्धालुओं ने नदी की रेत से शिवलिंग बनाकर पूजा-अर्चना की और दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालु कुलेश्वरनाथ मंदिर के अलावा भगवान श्री राजीव लोचन, मामा-भांजा मंदिर और लोमष ऋषि आश्रम स्थित महादेव के दर्शन के लिए भी पहुंचे। मंदिरों और संगम क्षेत्र में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।

नदी में पानी ने बदला मेले का नजारा

इस बार त्रिवेणी संगम में पानी भरा होने के कारण नदी के भीतर लगने वाली मड़ई का रंग कुछ फीका नजर आया। मेले में आने वाले लोगों की भीड़ मुख्य रूप से नदी के एक छोर पर राजिम की ओर मामा-भांजा मंदिर के पास और दूसरे छोर पर लोमष ऋषि आश्रम के आसपास रही। दोनों ओर श्रद्धालुओं और मेला घूमने पहुंचे लोगों की इतनी भीड़ रही कि कई स्थानों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। लोग एक-दूसरे से बचते और आगे बढ़ते हुए दिखाई दिए। इसके बावजूद आस्था और मेले के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आई।

आंवला भात की परंपरा निभाई

कार्तिक पूर्णिमा पर तड़के करीब 4 बजे से श्रद्धालुओं ने नदी में डुबकी लगाकर पुण्य स्नान किया। इसके बाद आंवला वृक्ष के नीचे पूजा-अर्चना और पूर्णाहुति देकर आंवला भात का प्रसाद ग्रहण किया। लोमष ऋषि आश्रम क्षेत्र और नदी के विस्तृत तट पर सैकड़ों टोलियां अलग-अलग स्थानों पर पेड़ों के नीचे बैठकर पिकनिक का आनदं लेते और प्रसादी ग्रहण करती नजर आईं। खासकर महिलाओं और युवतियों की टोलियां परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचीं। कई जगहों पर पकवान बनाए गए और लोगों ने पिकनिक का आनंद लिया।

सुबह से शुरू हुई चहल-पहल दोपहर बाद और बढ़ गई। नदी के आसपास खान-पान, घरेलू सामान और मनोरंजन से जुड़ी दुकानें सजी रहीं। बच्चों, युवाओं और परिवारों ने मेले का आनंद लिया। नदी के लंबे-चौड़े क्षेत्र में जगह-जगह लोगों की टोलियां बैठकर भोजन करती और उत्सव मनाती दिखाई दीं।

सैकड़ों साल पुरानी परंपरा से शुरू होता है अंचल का मड़ई उत्सव

राजिम में नदिया मड़ई की परंपरा सैकड़ों वर्षों से चली आ रही है। मान्यता और परंपरा के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर राजिम में आयोजित मड़ई के बाद पूरे अंचल के ग्रामीण क्षेत्रों में मड़ई-मेलों का सिलसिला शुरू हो जाता है। इसके बाद अलग-अलग गांवों में पारंपरिक मड़ई आयोजित होती है, जिसमें ग्रामीण उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं।

कार्तिक माह में दीप दान का विशेष महत्व

कार्तिक मास में महिलाएं पूरे महीने व्रत, तप और पूजा-अर्चना करती हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान, दान और भगवान शिव के दर्शन के साथ इस पवित्र महीने की साधना का समापन होता है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

श्रद्धा पर भारी पड़ी अव्यवस्था: मकर संक्रांति पर राजिम त्रिवेणी संगम में आस्था का सैलाब, लेकिन बदहाल व्यवस्थाओं ने तोड़ा भक्तों का मन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parineeti Raghav Wedding : परिणीति राघव हुए एक-दूजे के , सामने आई ये शानदार फ़ोटोज janhvi kapoor :जान्हवी कपूर की ये लुक , नजरे नहीं हटेंगी आपकी Tamanna bhatia : तमन्ना भाटिया ने फिल्म इंडस्ट्री में पूरे किए 18 साल