ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, 200 मीटर तक घिसटी बाइक; भाई-बहन समेत 3 की दर्दनाक मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार भाई-बहन समेत 3 युवओं को कुचला दिया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक ट्रेलर में फंसकर करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई है। घटना मनेंद्रगढ़ जिले का है।
अस्पताल से लौट रहे थे तीनों
जानकारी के मुताबिक, ग्राम नौगई निवासी भवन सिंह अपनी बहन प्रमिला और उसकी सहेली भूमिका के साथ मंगलवार को मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरीय अस्पताल उपचार के लिए आया था। अस्पताल में उपचार और परामर्श के बाद तीनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर इमली गोलाई के पास उनकी बाइक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक ट्रेलर में फंस गई और करीब 200 मीटर तक घिसटती रही। हादसे में भवन सिंह और भूमिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रमिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल प्रमिला को तत्काल मनेंद्रगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर किया, लेकिन एंबुलेंस से दूसरे अस्पताल ले जाने के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
अन्नप्राशन कार्यक्रम में आई थी भूमिका
बताया जा रहा है कि ग्राम बरबसपुर निवासी भूमिका अपनी सहेली प्रमिला के घर आयोजित अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम नौगई आई थी। भूमिका और प्रमिला दोनों नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थीं, जबकि भवन सिंह राजमिस्त्री का काम करता था। तीनों मंगलवार को उपचार के लिए मनेंद्रगढ़ अस्पताल पहुंचे थे और वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
हादसे के बाद क्षेत्र में पसरा मातम
तीन युवाओं की मौत की खबर जैसे ही ग्राम नौगई और आसपास के क्षेत्र में पहुंची, गांव में मातम छा गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वहीं, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दुर्घटना में हुई जनहानि पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पूर्व विधायक गुलाब कमरो सहित कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
यात्री बस ने बाइक सवार को कुचला, तीन लोगों की दर्दनाक मौत, बस चालक फरार











