कबाड़ गोदाम में पुलिस की रेड, बिना नंबर की गाड़ियां और कटी चेसिस मिलने से मचा हड़कंप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– कबाड़ कारोबार की आड़ में संदिग्ध गतिविधियों का मामला सामने आया है। एक कबाड़ गोदाम में पुलिस ने छापेमारी की, जहां बिना नंबर की गाड़ियां, अलग-अलग वाहनों की नंबर प्लेट, कटी हुई चेसिस और गैस कटर से वाहनों की कटिंग के साक्ष्य मिले। गोदाम में हजारों टन कबाड़ का स्टॉक भी मिला, लेकिन कारोबारी द्वारा संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सके। मामला बिलासपुर शहर के सिरगिट्टी इलाके का है।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की दबिश

जानकारी के अनुसार तिफरा रेल लाइन के पास CSIDC की जमीन पर कबाड़ गोदाम संचालित है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर सिरगिट्टी पुलिस ने गोदाम में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान परिसर में करीब चार ट्रक माल लोड मिला। पुलिस लोड वाहनों को थाने ले गई।

गोदाम परिसर में हजारों टन कबाड़ फैला हुआ था। जांच के दौरान कई वाहन बिना नंबर प्लेट के खड़े मिले। कुछ वाहनों के दूसरे जिलों से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई। इन वाहनों के दस्तावेज और कबाड़ के स्रोत को लेकर पुलिस ने कारोबारियों से पूछताछ की।

कारोबारी से नहीं मिले संतोषजनक दस्तावेज

पुलिस ने गोदाम संचालकों और कारोबारियों से कबाड़ की खरीदी-बिक्री के बिल और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। बताया जा रहा है कि करीब सात से आठ घंटे तक इंतजार के बावजूद कारोबारी संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

जानकारी के मुताबिक, दूसरे जिलों से छोटे वाहनों में कबाड़ लाकर गोदाम में जमा किया जाता था। इसके बाद बड़ी गाड़ियों के माध्यम से माल रायपुर की फैक्ट्रियों तक भेजा जाता था। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि यदि पूरा कारोबार वैध था, तो हजारों टन कबाड़ के स्रोत, परिवहन और खरीदी-बिक्री का हिसाब तत्काल क्यों नहीं सामने आया?

नंबर प्लेट, कटी चेसिस और गैस कटर ने बढ़ाया शक

गोदाम के भीतर मिले सामान ने जांच को और गंभीर बना दिया है। यहां दोपहिया वाहनों के पुर्जे, अलग-अलग वाहनों की नंबर प्लेट, घिसे हुए चेसिस नंबर और बड़े वाहनों की कटी हुई चेसिस मिली। मौके पर गैस कटर से एक वाहन को काटे जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस की दबिश के दौरान अधिकांश कर्मचारी मौके से गायब बताए जा रहे हैं।

आशंका जताई जा रही है कि चोरी के वाहनों को यहां लाकर उनकी पहचान मिटाने के बाद उनके पुर्जों को कबाड़ के रूप में खपाने का नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। हालांकि, गोदाम का चोरी के वाहनों से सीधा संबंध अभी जांच में प्रमाणित होना बाकी है।

पुलिस के बाद पहुंची GST टीम

पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद GST विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की जांच की और नियमानुसार कार्रवाई की बात कही। माल के परिवहन से जुड़े बिल, ई-वे बिल की लागू होने वाली अनिवार्यता और टैक्स रिकॉर्ड की जांच महत्वपूर्ण होगी। यदि जांच में कर संबंधी अनियमितताएं मिलती हैं तो संबंधित कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा में 23 लाख का संदिग्ध कबाड़ जब्त, 30 टन से ज्यादा स्क्रैप से लदा ट्रक पुलिस के कब्जे में

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parineeti Raghav Wedding : परिणीति राघव हुए एक-दूजे के , सामने आई ये शानदार फ़ोटोज janhvi kapoor :जान्हवी कपूर की ये लुक , नजरे नहीं हटेंगी आपकी Tamanna bhatia : तमन्ना भाटिया ने फिल्म इंडस्ट्री में पूरे किए 18 साल