सावन के दूसरे सोमवार पर आस्था का महासंगम: विधायक रोहित साहू के नेतृत्व में निकलेगी 17 किलोमीटर लंबी भव्य कांवड़ यात्रा, शिवभक्तों से शामिल होने की अपील

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सावन माह के दूसरे सोमवार को राजिम क्षेत्र भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आएगा। भगवान शिव के जयघोष, भजनों की मधुर स्वर लहरियों और धूमाल बाजों की गूंज के बीच क्षेत्र में भव्य एवं विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक यात्रा का नेतृत्व क्षेत्र के विधायक रोहित साहू करेंगे। यात्रा में गांव-गांव से हजारों की संख्या में शिवभक्त, कांवड़िए, महिलाएं, युवा एवं श्रद्धालु शामिल होकर भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त करेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार विधायक रोहित साहू सोमवार सुबह 9 बजे पंचकोशी धाम फिंगेश्वर पहुंचकर भगवान फणिकेश्वरनाथ महादेव के दर्शन, पूजन एवं विधि-विधान से जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद भव्य कांवड़ यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा फिंगेश्वर से पैदल प्रारंभ होकर लगभग 17 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए राजिम स्थित श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी।

पूरे मार्ग में श्रद्धालु हर-हर महादेव के जयघोष, भजन-कीर्तन और शिवभक्ति के गीतों के साथ आगे बढ़ेंगे। यात्रा की विशेष आकर्षण भोलेनाथ की मनमोहक झांकी, धूमाल बाजों की प्रस्तुति और पारंपरिक वेशभूषा में शामिल शिवभक्त रहेंगे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी इस आयोजन को और भी भव्य स्वरूप प्रदान करेगी।

पुष्पवर्षा और प्रसाद वितरण की व्यवस्था

यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, जल सेवा और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। फिंगेश्वर से पैदल यात्रा प्रारंभ होने के बाद बोरसी में पहला पड़ाव रहेगा, जहां श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं विश्राम की व्यवस्था होगी। इसके बाद यात्रा पुनः राजिम की ओर प्रस्थान करेगी।

राजिम पहुंचने पर पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक में विधायक रोहित साहू एवं कांवड़ यात्रियों का भव्य आतिशबाजी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद सभी श्रद्धालु त्रिवेणी संगम स्थित श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना, आरती एवं जलाभिषेक करेंगे। विधायक रोहित साहू श्रद्धालुओं के साथ भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ प्रदेश, राजिम क्षेत्र एवं समस्त देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की मंगलकामना करेंगे।

आयोजकों के अनुसार यह कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक परंपरा और जनआस्था का भी प्रतीक बनेगी। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करेगी। यात्रा के दौरान सेवा, अनुशासन और सहयोग की भावना भी देखने को मिलेगी, जो सनातन संस्कृति के मूल्यों का संदेश समाज तक पहुंचाएगी।

आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह

क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह है। श्रद्धालु कई दिनों से यात्रा की तैयारियों में जुटे हुए हैं। माना जा रहा है कि सावन के दूसरे सोमवार को निकलने वाली यह कांवड़ यात्रा राजिम क्षेत्र के सबसे भव्य धार्मिक आयोजनों में से एक होगी।

विधायक रोहित साहू स्वयं कांवड़ में जल लेकर शिवभक्तों के साथ फिंगेश्वर से राजिम तक 17 किलोमीटर पैदल यात्रा करेंगे। उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

रोहित साहू ने कहा कि सावन का पवित्र महीना भगवान शिव की आराधना का श्रेष्ठ अवसर है। सामूहिक भक्ति से समाज में सद्भाव, सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से भक्तिभाव के साथ कांवड़ यात्रा में शामिल होकर अपने जीवन को धन्य बनाने की अपील की।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

10 अगस्त को विधानसभा स्तरीय भव्य कांवड़ यात्रा का होगा आयोजन, विधायक रोहित साहू ने की तैयारियों की समीक्षा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button