भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, छत्तीसगढ़ से सांसद रूपकुमारी चौधरी को बड़ी जिम्मेदारी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच संतुलन साधने की कोशिश नजर आ रही है। पार्टी ने कई पुराने और अनुभवी चेहरों को फिर से महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं, वहीं संगठन के डिजिटल और सोशल मीडिया तंत्र में भी बदलाव किया गया है।
नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, लंबे समय बाद भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका में लौटे राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर बनी रहेंगी। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष को भी उनकी जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है।
छत्तीसगढ़ से रूपकुमारी चौधरी को बड़ी जिम्मेदारी

नितिन नवीन की नई टीम में छत्तीसगढ़ को भी अहम प्रतिनिधित्व मिला है। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 2024 में लोकसभा सांसद बनने वाली रूपकुमारी चौधरी इससे पहले विधायक भी रह चुकी हैं और संगठन में लंबे समय से सक्रिय रही हैं। राष्ट्रीय स्तर पर महिला मोर्चा की कमान मिलना छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए महत्वपूर्ण संगठनात्मक उपलब्धि माना जा रहा है।
IT और सोशल मीडिया टीम में बड़ा बदलाव
भाजपा के डिजिटल संगठन में भी बड़ा फेरबदल किया गया है। लंबे समय से पार्टी की आईटी सेल की जिम्मेदारी संभाल रहे अमित मालवीय की जगह छत्तीसगढ़ से दीपक म्हस्के को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार म्हस्के को पार्टी के आईटी सेल के साथ सोशल मीडिया से जुड़ी जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इस बदलाव को भाजपा की डिजिटल और सोशल मीडिया रणनीति में नए नेतृत्व की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिव सहित कई पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। पार्टी नेतृत्व ने नई टीम के जरिए संगठन में अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी जगह देने का संदेश दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नई टीम को अनुभव, युवा ऊर्जा और जमीनी जुड़ाव का मजबूत संयोजन बताया है।
नई टीम के गठन को आगामी चुनावी चुनौतियों और संगठन को और मजबूत करने की भाजपा की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। खासतौर पर उत्तर प्रदेश में स्मृति ईरानी को संगठनात्मक जिम्मेदारी दिए जाने को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ भाजपा में उत्साह का माहौल
राष्ट्रीय संगठन में प्रदेश के दो नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिलने से छत्तीसगढ़ भाजपा में उत्साह का माहौल है। दोनों नेताओं को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समेत उपमुख्यमंत्री, मंत्रीमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक समेत पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है।






छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
NEET पेपर लीक मामले में NTA के 47 अधिकारी बर्खास्त; जांच के लिए पुलिस ने बनाई स्पेशल टॉस्क कमेटी











