जेसीबी की चपेट में आने से नवविवाहित दंपती की मौत, गर्भवती थी महिला; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार जेसीबी (एक्सीवेटर) ने बाइक सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में नवविवाहित दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृत महिला गर्भवती थी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया। घटना सूरजपुर जिले के ओड़गी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम ठरगी निवासी लल्लू चंद्र चेरवा (24) अपनी पत्नी अंजुलता (22) के साथ बाइक से ओड़गी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पालदलौनी और ओड़गी के बीच कुल्लू घाट के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार जेसीबी ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सड़क पर सिर के बल गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जेसीबी को नाबालिग चालक चला रहा था। आक्रोशित ग्रामीणों ने ओड़गी बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि दंपती की शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं जेसीबी मालिक और संबंधित ठेकेदार की ओर से परिजनों को करीब डेढ़ लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX
यह खबर भी जरुर पढ़े
रायपुर में भीषण सड़क हादसा: धान से लदा ट्रक कार पर पलटा, घर लौट रहे दंपती समेत तीन की मौत











