पितईबंद स्कूल की नन्ही छात्राओं ने सीमा पर तैनात जवानों को भेजी राखियां, देशप्रेम की मिसाल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम के समीपस्थ शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय पितईबंद में रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में एक विशेष और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने सीमाओं पर देश की रक्षा में तैनात वीर जवानों के लिए अपने हाथों से बनी एवं स्नेहपूर्वक खरीदी गई राखियां तथा शुभकामनाएं संदेश भेजे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि देवकी साहू जिला उपाध्यक्ष, महिला मोर्चा ने कहा कि देश की सीमाओं पर रात-दिन चौकस रहकर हमारी रक्षा करने वाले जवान हमारे असली नायक हैं। जब पूरा देश त्योहार मना रहा होता है, तब ये जवान अपने परिवारों से दूर रहकर देश की सरहद की रक्षा करते हैं। पितईबंद स्कूल की नन्ही छात्राओं एवं शिक्षिकाओं द्वारा भेजी गई यह राखियां केवल धागा नहीं, बल्कि पूरे देश का प्रेम, आशीर्वाद और विश्वास हैं। यह पहल बच्चों में बचपन से ही राष्ट्रप्रेम और कृतज्ञता की भावना बीजारोपित करती है।”
चंद्रप्रभा सोनवानी प्रधान पाठक, पूर्व माध्यमिक शाला पितईबंद ने कहा कि “रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक है। हमारे विद्यालय की छात्राओं ने इस पर्व को एक व्यापक अर्थ दिया है। सीमा पर डटे जवान हमारे बड़े भाइयों की तरह हैं, जो पूरे देश की सुरक्षा का दायित्व निभाते हैं। इस अवसर पर सुनील कुमार पाण्डेय वरिष्ठ शिक्षक ने कहा शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि संस्कार और देशभक्ति का निर्माण करना है।
भारतीय संस्कृति से जुड़ती हैं
जब हमारी छात्राएं देश के रक्षकों के लिए राखी तैयार करती हैं, तो वे भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना के गहरे सरोकारों से जुड़ती हैं। हमें गर्व है कि हमारे विद्यालय के बच्चे ऐसे सामाजिक और राष्ट्रीय कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
संतोष कुमार साहू शिक्षक ने बताया कि देश की सेवा में लगे वीरों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का यह अत्यंत सुंदर और भावुक माध्यम है। छात्राओं ने जिस उत्साह और श्रद्धा से राखियों को लिफाफों में सजाकर जवानों के लिए भेजा है, वह अनुकरणीय है। यह आयोजन निश्चित रूप से विद्यार्थियों के मन में देश सेवा की भावना को और मजबूत करेगा।
कार्यक्रम के अंत में प्राथमिक शाला की प्रधान पाठक आशा ध्रुव ने सभी उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा,कि ” हमारी छात्राओं का यह छोटा सा प्रयास हमारे वीर जवानों तक प्रेम और सुरक्षा का संदेश पहुंचाएगा। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक विजय कुमार महोबिया, सुनील कुमार कौशिक, शिक्षिका अराधना नाग, भारती साहू ,समाज सेवी एवं मां भगवती महिला मण्डल राजिम के सक्रिय सदस्य दीपा साहू एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











