8 महीने से वेतन नहीं, ऊपर से 160 किमी दूर ड्यूटी का फरमान! धान खरीदी ऑपरेटर आज 13 नवंबर को परिवार सहित करेंगे चक्काजाम

15 नवंबर से शुरू होनी है धान खरीदी, इससे ठीक पहले गरियाबंद में ऑपरेटरों का आंदोलन; तिरंगा चौक से कलेक्ट्रेट तक निकालेंगे विरोध रैली

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज)गरियाबंद :– छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां जोरों पर हैं और 15 नवंबर से प्रदेशभर में धान खरीदी शुरू होने जा रही है। लेकिन इसी बीच धान खरीदी व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी माने जाने वाले कम्प्यूटर ऑपरेटर खुद आर्थिक और प्रशासनिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। पिछले 8 महीनों से वेतन नहीं मिलने और अब मूल कार्यस्थल से हटाकर 80 से 160 किलोमीटर दूर दूसरे ब्लॉक के उपार्जन केंद्रों में ड्यूटी लगाने के आदेश से ऑपरेटरों में भारी नाराजगी है।

अपनी मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ समर्थन मूल्य धान खरीदी कम्प्यूटर ऑपरेटर संघ ने 13 नवंबर 2026 को गरियाबंद के तिरंगा चौक पर एक दिवसीय चक्काजाम और विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। खास बात यह है कि आंदोलन में ऑपरेटर अपने बीवी-बच्चों सहित पूरे परिवार के साथ शामिल होंगे।

8 महीने से वेतन नहीं, फिर भी निभा रहे जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ समर्थन मूल्य धान खरीदी कम्प्यूटर ऑपरेटर संघ के प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकांत मोहरे ने कहा कि ऑपरेटर लंबे समय से आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। अल्प वेतन में काम करने वाले कर्मचारियों को पिछले आठ महीनों से भुगतान नहीं हुआ है। इसके बावजूद वे धान खरीदी से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते आ रहे हैं। ऐसे में कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें और अधिक परेशानियों में डालने वाला आदेश जारी कर दिया गया है।

80 से 160 किलोमीटर दूर भेजने का आदेश बना नाराजगी की वजह

संघ के अनुसार, सहायक आयुक्त सहकारिता द्वारा आदेश क्रमांक 688, दिनांक 07 नवंबर 2026 जारी कर कम्प्यूटर ऑपरेटरों को उनके मूल कार्यस्थल से हटाकर दूसरे ब्लॉक के उपार्जन केंद्रों में पदस्थ करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके चलते कई ऑपरेटरों को 80 से 160 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ सकती है। संघ का कहना है कि पहले से ही आठ महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारी आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। ऐसे में इतनी दूर आवागमन करना उनके लिए बेहद मुश्किल होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकांत मोहरे ने बताया कि कई महिला ऑपरेटरों के छोटे-छोटे बच्चे हैं। वहीं कुछ कर्मचारी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी जूझ रहे हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों की पारिवारिक परिस्थितियों, स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखे बिना स्थानांतरण जैसे आदेश जारी किए गए हैं। संघ ने इस आदेश को अव्यावहारिक, अमानवीय और कर्मचारी हितों के विपरीत बताया है।

13 नवंबर को तिरंगा चौक पर चक्काजाम, परिवार सहित उतरेंगे सड़क पर

अपनी मांगों को लेकर संघ ने 13 नवंबर 2026, शुक्रवार को गरियाबंद के तिरंगा चौक पर एक दिवसीय चक्काजाम और जोरदार विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इसके बाद तिरंगा चौक से कलेक्ट्रेट तक विरोध रैली निकाली जाएगी। आंदोलन को लेकर संघ ने स्पष्ट किया है कि इस बार ऑपरेटर अकेले नहीं, बल्कि अपनी पत्नियों, बच्चों और पूरे परिवार के साथ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएंगे।

कलेक्टर और एसपी से तीन प्रमुख मांगें

संघ ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप करते हुए तीन प्रमुख मांगें रखी हैं।

1. सहायक आयुक्त सहकारिता द्वारा जारी आदेश क्रमांक 688 पर तत्काल रोक लगाई जाए।
2. सभी कम्प्यूटर ऑपरेटरों को उनके मूल कार्यस्थल पर ही यथावत रखा जाए।
3. पिछले आठ महीनों से लंबित वेतन का तत्काल भुगतान किया जाए।

संघ ने यह भी स्पष्ट किया है कि आंदोलन के दौरान यातायात एवं सुरक्षा नियमों का पालन किया जाएगा और आपातकालीन सेवाओं को बाधित नहीं किया जाएगा।

धान खरीदी की जिम्मेदारी ऑपरेटरों पर, लेकिन उनकी समस्याओं पर कौन देगा ध्यान?

गौरतलब है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया में कम्प्यूटर ऑपरेटरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। किसानों का पंजीयन, खरीदी संबंधी ऑनलाइन प्रक्रिया और केंद्रों के डिजिटल कामकाज में उनकी अहम जिम्मेदारी रहती है। ऐसे में धान खरीदी शुरू होने से ठीक पहले ऑपरेटरों का आंदोलन प्रशासन के लिए भी चुनौती बन सकता है।

अब देखना होगा कि 13 नवंबर को प्रस्तावित आंदोलन से पहले जिला प्रशासन कर्मचारियों की मांगों पर कोई सकारात्मक पहल करता है या फिर आठ महीने से वेतन की बाट जोह रहे ऑपरेटरों को अपने परिवार के साथ सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ेगा। फिलहाल गरियाबंद में धान खरीदी से पहले ऑपरेटरों का यह आंदोलन चर्चा का विषय बन गया है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

पंचायतों की खाली तिजोरी लेकर सड़क पर उतरे सरपंच! हाथों में कटोरा लेकर निकाली रैली, 30 करोड़ के बकाया भुगतान को लेकर गरियाबंद में जोरदार प्रदर्शन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parineeti Raghav Wedding : परिणीति राघव हुए एक-दूजे के , सामने आई ये शानदार फ़ोटोज janhvi kapoor :जान्हवी कपूर की ये लुक , नजरे नहीं हटेंगी आपकी Tamanna bhatia : तमन्ना भाटिया ने फिल्म इंडस्ट्री में पूरे किए 18 साल