नाखूनों में छिपा था हत्या का राज : पहले शराब को लेकर हुआ विवाद, फिर गला दबाकर कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर में करीब दो साल पहले हुई महिला लता साहू की हत्या का खमतराई पुलिस ने डीएनए साक्ष्य के आधार पर खुलासा कर दिया है। 21 अगस्त 2024 को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित घर में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतका के नाखूनों से सुरक्षित किए गए जैविक साक्ष्यों का आरोपियों के डीएनए सैंपल से मिलान होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार शराब को लेकर हुए विवाद के बाद तीनों आरोपियों ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 अगस्त 2024 को मनहरण सारंग (33), राजेश पाल उर्फ चोटी उर्फ राजू (31) और राजू मंडल उर्फ बंगाली (35) ट्रांसपोर्ट नगर स्थित लता साहू (40) के घर पहुंचे थे। तीनों मृतका और उसके पति के परिचित थे। उस समय लता साहू अपने दूसरे पति के साथ रहती थी। उसके पहले पति का निधन हो चुका था, और दूसरा पति फेरी लगाकर परिवार चलाता था।

घटना वाले दिन लता साहू, उसका पति और तीनों आरोपी घर पर शराब पी रहे थे। शराब खत्म होने के बाद दोबारा शराब मांगने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद झूमाझटकी तक पहुंच गया। पुलिस के अनुसार इसी दौरान राजू मंडल ने लता साहू का गला दबा दिया, जबकि मनहरण सारंग ने उसके दोनों हाथ पकड़ रखे थे और राजेश पाल ने उसके पैर पकड़ लिए थे। काफी देर तक महिला आरोपियों के चंगुल से निकलने का प्रयास करती रही, लेकिन उसकी मौत हो गई।

नाखूनों में छिपा था हत्या का राज

हत्या के बाद आरोपी महिला के घर में रखी नगदी और कपड़े लेकर पीछे की दीवार से कूदकर फरार हो गए। उस समय पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटनास्थल से मिले जैविक साक्ष्यों और अन्य पहलुओं को जांच के दौरान सुरक्षित रखा गया था।

करीब दो साल बाद 2026 में जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को कुछ संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद संदिग्धों के डीएनए सैंपल लिए गए। पुलिस के अनुसार इन सैंपलों का पुराने डीएनए प्रोफाइल से मिलान कराया गया, जिसमें तीनों आरोपियों का डीएनए मृतका के नाखूनों से मिले जैविक निशानों से मैच हुआ। इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

तीनों के बयान अलग अलग

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के शुरुआती दौर में आरोपियों ने घटना को लेकर अलग-अलग बातें बताईं। हालांकि, डीएनए समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगातार पूछताछ करने पर उन्होंने घटना से जुड़ी अहम जानकारियां दीं।

एडिशनल कमिश्नर अमित कांबले ने बताया कि लता साहू और तीनों आरोपियों के बीच शराब को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने महिला का गला दबाकर हत्या कर दी थी। घटना के समय पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसे अब डीएनए साक्ष्य के आधार पर आगे बढ़ाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पूर्व आदतन अपराधी है 2 आरोपी

रायपुर मर्डरखमतराई पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। आरोपियों की गिरफ्तारी में खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम की भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजू मंडल के खिलाफ पूर्व में चोरी के दो और हत्या का एक मामला दर्ज रहा है। वहीं मनहरण सारंग के खिलाफ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने और अवैध वसूली का मामला पूर्व में दर्ज हो चुका है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

दृश्यम फिल्म देखकर महिला की हत्या, जंगल में दफना दिया शव, 22 दिन बाद पुलिस ने कब्र खोदा तो मिला …

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button