तेज रफ्तार माजदा ने सड़क किनारे खड़े तीन सगे भाइयों को मारी टक्कर, दो की मौत; तीसरा गंभीर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक तेज रफ्तार माजदा वाहन ने सड़क किनारे खड़े तीन सगे भाइयों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि तीनों भाई बेटी का हालचाल जानने रिश्तेदार के घर पहुंचे थे। मुलाकात के बाद वापस लौटने से पहले तीनों सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार माजदा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम भटगांव निवासी बरातु दास मानिकपुरी अपने भाई प्रीतम दास और चंदू दास के साथ रिश्तेदार प्रदीप मानिकपुरी के घर गए थे। प्रदीप की बेटी गर्भवती है और तीनों भाई उसका हालचाल जानने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद तीनों घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने घर के सामने सड़क किनारे अपनी बाइक क्रमांक CG 10 X 7988 खड़ी की और वहीं आपस में बातचीत करने लगे।

अचानक तेज रफ्तार माजदा ने मारी जोरदार टक्कर

बताया जा रहा है कि इसी दौरान सेवार की ओर से तेज रफ्तार में आ रही माजदा वाहन क्रमांक CG 10 C 1868 अचानक वहां पहुंची। आरोप है कि चालक ने वाहन को लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए सड़क किनारे खड़े तीनों भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक माजदा वाहन के अगले पहिए में फंस गई और कुछ दूर तक घिसटती चली गई। इसके बाद माजदा सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई और रुक गई।

दो भाइयों की मौत, तीसरे की हालत गंभीर

हादसे के बाद माजदा चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए बिल्हा अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बरातु दास मानिकपुरी और प्रीतम दास को मृत घोषित कर दिया। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। वहीं तीसरे भाई चंदू दास के कंधे और चेहरे पर गहरे जख्म हैं। उनका अस्पताल में इलाज जारी है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक के बेटे रूपेन्द्र दास ने बिल्हा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त माजदा वाहन को जब्त कर लिया है। वहीं फरार चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत, काम खत्म कर लौट रहे थे घर, खड़ी पिकअप से जा टकराई बाइक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button