कुत्ते का जूठा खाना मध्यान्ह भोजन में बच्चों को परोसा, बच्चों को लगा गया एंटी रेबीज का टीका, महिला समूह पर हुई कार्यवाही

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में बच्चों को जूठा भोजन परोसने वाली महिला स्व सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन संचालन कार्य से अलग कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि मध्यान्ह भोजन की पकी हुई सब्जी को आवारा कुत्ते ने जूठा कर दिया था। इसके बावजूद वह भोजन बच्चों को परोस दिया गया।
एसडीएम पलारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लच्छनपुर में 28 जुलाई 2025 क़ो मध्यान्ह भोजन की पकी हुई सब्जी क़ो आवारा कुत्ते द्वारा जूठा कर देने तथा उक्त घटना की जानकारी बच्चों के द्वारा दिये जाने तथा शिक्षकों द्वारा भोजन नहीं परोसने हेतु कहने के बावजूद उक्त भोजन बच्चों क़ो परोस देने की घटना की शिकायत मिली। इस शिकायत की जाँच हेतु अनुविभागीय अधिकारी की अध्यक्षता में जांच टीम गठित कर जाँच किया गया।
बलौदा बाजार जिले के कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चों क़ो जूठा भोजन परोसने वाली महिला स्व सहायता समूह क़ो मध्यान्ह भोजन संचालन कार्य से पृथक कर दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में पाए गए तथ्य के आधार पर जय लक्ष्मी स्व सहायता समूह क़ो शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लच्छनपुर में मध्यान्हभोजन संचालन से अस्थायी रूप से पृथक कर दिया गया है तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लच्छनपुर में मध्यान्ह भोजन संचालन अस्थायी रूप से संस्था प्रमुख क़ो सौंपा गया है। सभी बच्चों का ऐहतिहात के लिए एंटी रेबीज वैक्सीनेशन भी कराया गया है। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रधान पाठक और संकुल समन्वय को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CkhMZMO6zDG8IdQsfVBnJd