शराब विवाद में कर दी युवक की हत्या, कांच की बोतल से सिर पर किया वार, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में शराब को लेकर हुए मामूली विवाद में आरोपी ने एक युवक की जान ले ली। मृतक युवक ने आरोपी को शराब देने से इनकार कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 04/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामला बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार प्रार्थी शोभनाथ नगेशिया निवासी भरतपुर ने 2 जनवरी 2026 को थाना शंकरगढ़ में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में उसने बताया कि शाम लगभग 4:30 बजे वह अपनी दुकान में बैठा था। इसी दौरान गांव के दीनों प्रजापति के घर के पास से लड़ाई-झगड़े का शोर सुनाई दिया, जिस पर वह मौके पर पहुंचा। वहां दीनों प्रजापति के घर के आंगन में उसका छोटा भाई राजेश्वर नगेशिया जमीन पर बेहोश अवस्था में पड़ा था। मौके पर उसकी पत्नी तिलासो नगेशिया सहित गांव के अन्य लोग मौजूद थे।

शोभनाथ के पूछने पर तिलासो नगेशिया ने बताया कि राजेश्वर नगेशिया ने लिखना उर्फ गुडुवा पहाड़ी कोरवा को हाथ में कांच की बोतल में शराब ले जाते हुए देखकर शराब देने की बात कही थी। इसी बात को लेकर लिखना उर्फ गुडुवा गुस्से में आ गया और राजेश्वर के साथ हाथ-झापड़ से मारपीट करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने हाथ में पकड़ी कांच की बोतल से राजेश्वर के सिर के पीछे जोरदार वार कर दिया, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।

इलाज के दौरान मौत

घटना के बाद वह अपने भाई राजेश्वर नगेशिया को तत्काल इलाज के लिए भरतपुर अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकीय जांच में यह स्पष्ट हुआ कि कांच की बोतल से सिर पर लगी गंभीर चोट के कारण उसकी मृत्यु हुई है।

रिपोर्ट पर थाना शंकरगढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 04/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद लिखना उर्फ गुडुवा पहाड़ी कोरवा पिता मिलकू, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम भरतपुर (बगीचापारा), थाना शंकरगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS

यह खबर भी जरुर पढ़े

ठंढे भजिया को लेकर विवाद: दोस्त की बेरहमी से हत्या, लाइव CCTV फुटेज आया सामने

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button