राजिम कुंभ कल्प में विधायक रोहित साहू ने मेला व्यवस्थाओं का लिया जायजा

दाल-भात केंद्र का किया निरीक्षण और गुपचुप का लिया स्वाद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम कुंभ कल्प मेला में राजिम विधायक रोहित साहू लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आए। उन्होंने मेला परिसर में श्रद्धालुओं के लिए की गई सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता एवं विभागीय स्टॉलों का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

गुपचुप का लिया स्वाद

विधायक ने कहा कि कुंभ कल्प में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान विधायक रोहित साहू गुपचुप की दुकान पर रुक गए। स्वादिष्ट गुपचुप देखकर उन्होंने दुकान संचालक से बातचीत की और गुपचुप मंगवाकर स्वयं चटकारे लेकर खाया। उनके साथ मौजूद लोगों ने भी गुपचुप का स्वाद लिया।

विधायक का आमजन के बीच इस तरह सहज रूप से घुलना-मिलना लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गया। इसके बाद विधायक दाल-भात केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र का निरीक्षण कर वहां कार्यरत दीदियों से चर्चा की। उन्होंने केंद्र की भोजन की गुणवत्ता और श्रद्धालुओं की संख्या के बारे में जानकारी ली। अपने बीच विधायक को पाकर समूह की महिलाएं काफी उत्साहित और प्रसन्न नजर आईं। विधायक ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

विभागीय स्टॉल का किया निरीक्षण

विधायक रोहित साहू ने चार धाम यात्रा परिसर और राम वन गमन पथ का भी अवलोकन किया, जिसे देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने छत्तीसगढ़ खादी ग्रामोद्योग के स्टॉल में पहुंचकर शुद्ध कोसा वस्त्र खरीदे। उन्होंने ग्रामोद्योग विभाग के रेशम प्रभाग में जाकर कोसा उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की और स्थानीय कारीगरों के कार्य की सराहना की।

इसके अतिरिक्त विधायक ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के स्टॉल पर पहुंचकर योजना से आम जनता को मिल रहे लाभों की जानकारी ली। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के स्टॉलों का भी निरीक्षण किया।

महिला एवं बाल विकास विभाग के मंडप में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ स्लोगन देखकर विधायक रोहित साहू ने कहा कि आज के समय में बेटी और बेटा दोनों का संरक्षण और शिक्षा जरूरी है, तभी समाज और सृष्टि का संतुलन बना रहेगा। निरीक्षण के दौरान भाजपा के कार्यकर्ता, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8

यह खबर भी जरुर पढ़े

विधायक रोहित साहू ने मीडिया सेंटर का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्था को लेकर लिया फीडबैक, समस्याओं को दूर करने दिया आश्वासन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button