दो भीषण सड़क हादसे: चार की मौत; खाई मे गिरी ट्रेलर, पेड़ से टकराई बाइक

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामलों की जांच शुरू कर दी है। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है। घटना बिलासपुर जिले के कोटा और बेलगहना क्षेत्र का है।
केंदा घाटी में ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त, चालक-हेल्पर की मौत
पहली घटना केंदा घाटी की है। कोयला लोड ट्रेलर (क्रमांक सीजी 04 पीजे 3515) शहडोल-उमरिया से रायपुर की ओर जा रहा था। घाटी से नीचे उतरते समय चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और ट्रेलर पलटकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक प्रकाश महरा (28 वर्ष), निवासी धनपुरी जिला शहडोल, गंभीर रूप से घायल हो गया। केंदा चौकी पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर में एक अन्य व्यक्ति भी सवार था। पुलिस ने कोयला हटाकर देखा तो हेल्पर उमेश विश्वकर्मा (25 वर्ष) निवासी धनपुरी शहडोल, दबा मिला। उसे भी गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू की।
पेड़ से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत
दूसरी घटना कोटा थाना क्षेत्र के तेली मोड़ के पास रात करीब 9 बजे हुई। पुलिस के अनुसार दो युवक एक ही बाइक पर सवार होकर ग्राम पीपरतराई से कोटा की ओर जा रहे थे। तेली मोड़ के अंधे मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सीधे पेड़ से जा टकराई। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान प्रकाश लहरे (21 वर्ष), निवासी गाड़ापारा थाना लालपुर लोरमी, तथा आयुष अनंत (16 वर्ष), निवासी पीपरतराई, के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8
यह खबर भी जरुर पढ़े
गरियाबंद में कार और बाइक की टक्कर, टक्कर के बाद पलटी कार, एक की मौत











