2 लाख के विवाद में दो युवकों का अपहरण, कट्टे की नोक पर बंधक बनाकर वसूली, 6 आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– दो लाख रुपए के लेन-देन विवाद में हथियारबंद आरोपियों ने दो युवकों का सरेआम अपहरण कर उन्हें एक झोपड़ी में बंधक बना लिया। कट्टे की नोक पर मारपीट करते हुए उनसे जबरन जमीन से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए और नगद समेत अन्य सामान छीन लिया गया। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दोनों पीड़ितों को सकुशल मुक्त करा लिया गया, जबकि वारदात में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पूरा मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र के रामकुंड स्थित घोराही तालाब का है। 19 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में दो व्यक्तियों को अवैध रूप से बंधक बनाकर मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा और एसीपी ईशु अग्रवाल के नेतृत्व में टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की गई।

कट्टों की नोक पर अपहरण

संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक झोपड़ी में दबिश दी गई, जहां से धमतरी निवासी जीवन यदु और राकेश शर्मा को सकुशल मुक्त कराया गया। दोनों ने पुलिस को बताया कि दो लाख रुपए के लेन-देन विवाद में आरोपियों ने करबला तालाब के पास से कट्टों की नोक पर उनका अपहरण किया। झोपड़ी में बंधक बनाकर मारपीट की गई और जबरन जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। साथ ही नगद रकम, बैंक दस्तावेज, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी लूट ली गई।

दो पिस्टल, दो जिंदा कारतूस बरामद

पुलिस ने त्वरित दबिश और तकनीकी जांच के आधार पर छह आरोपियों कामरान अब्बास, नवीन उर्फ नन्नू ढीमर, लक्की निषाद उर्फ छोटा चिकन, राकेश धीवर, अनिल धीवर और मास्टरमाइंड हरिओम सोनकर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 3,500 रुपए नगद, दो पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और छह मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी हरिओम सोनकर के खिलाफ पूर्व में 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8

यह खबर भी जरुर पढ़े

अपहरण कर खौफनाक कांड! 5 बदमाशों ने युवक को कार में उठाया, फिर कर दिया ये कांड

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button