खेत से सबमर्सिबल पंप और केबल वायर चोरी का खुलासा, राजिम में मिला चोरी का सामान, चार आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के पांडुका थाना क्षेत्र में खेत से सबमर्सिबल पंप, केबल वायर और प्लास्टिक पाइप चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की सामग्री और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 2 मार्च 2026 को थाना फिंगेश्वर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 फरवरी की रात 10 बजे से 1 मार्च की सुबह 6:30 बजे के बीच बांकीखार स्थित उसके कृषि खेत से अज्ञात चोरों ने बोर मशीन के पास लगे 3 एचपी सबमर्सिबल पंप, केबल वायर और प्लास्टिक पाइप चोरी कर लिए। सुबह खेत में काम करने वाले लीलीराम ढीढी के खेत पहुंचने पर घटना का पता चला। चोरी गई सामग्री की कुल कीमत करीब 13,100 रुपये बताई गई थी।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर फिंगेश्वर निवासी इकबाल देवार और गोलू देवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए केबल वायर से तांबा तार निकालकर मोहल्ले के शिवा देवार को बेचने के लिए दिया गया था, जिसे बाद में फिंगेश्वर के कबाड़ी नामदास कोसरे को बेच दिया गया।
राजिम में हुआ तांबा बरामद
पुलिस ने नामदास कोसरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने तांबा तार खरीदने की बात स्वीकार की और बताया कि उसने यह तार राजिम निवासी कृष ठाकुर को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने राजिम पहुंचकर कृष ठाकुर से पूछताछ की। उसने तांबा तार खरीदना स्वीकार करते हुए अपने गोदाम से 19 किलोग्राम तांबा तार पुलिस को सौंप दिया, जिसे बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने मामले में 3 एचपी सबमर्सिबल पंप, 19 किलोग्राम तांबा तार, 7 नग प्लास्टिक पाइप तथा घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 23 4716 को जब्त किया है।
प्रकरण में एक से अधिक आरोपी होने के कारण भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) तथा चोरी की संपत्ति खरीदने के मामले में धारा 317(2) जोड़ी गई है। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
गिरफ्तार आरोपी
इकबाल देवार (40 वर्ष), निवासी देवारपारा, थाना फिंगेश्वर
गोलू देवार (22 वर्ष), निवासी देवारपारा, थाना फिंगेश्वर
नामदास कोसरे (40 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 09 फिंगेश्वर
कृष ठाकुर (28 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 11, एस के मेटल, राजिम
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











