होटल के बंद कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक, मोबाइल में मिला सुसाइड नोट, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– होटल के एक बंद कमरे में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मृतक के मोबाइल पर एक संदेश मिला, जिसमें लिखा था ‘‘भगवान मुझे बुला रहे हैं, इसलिए मैं जा रहा हूं।’’ फिलहाल पुलिस मोबाइल को जब्त कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मामला बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार सरकंडा के सीपत रोड निवासी शिवशंकर शर्मा (23 वर्ष) शनिवार को जगमल चौक स्थित इंटरसिटी इंटरनेशनल होटल में ठहरा था। होटल प्रबंधन ने उसे रूम नंबर 205 अलॉट किया था। रात में उसने कमरे में ही भोजन मंगवाया, लेकिन इसके बाद बाहर नहीं निकला।
रविवार सुबह होटल कर्मचारी सफाई के लिए पहुंचे, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर होटल प्रबंधन ने तोरवा पुलिस को सूचना दी।
दरवाजा तोड़ा तो फंदे पर लटका मिला
पुलिस की मौजूदगी में होटल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खोला तो शिवशंकर शर्मा पंखे से चुन्नी के सहारे फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
मोबाइल में मिला आखिरी संदेश
जांच के दौरान पुलिस को युवक का मोबाइल फोन मिला। मोबाइल खोलने पर स्क्रीन पर उसकी फोटो के साथ एक संदेश दिखाई दिया, जिसमें लिखा था कि वह अपनी इच्छा से यह कदम उठा रहा है क्योंकि ‘‘भगवान मुझे बुला रहे हैं।’’ संदेश में उसने पुलिस से यह भी अनुरोध किया कि उसके परिवार या किसी अन्य व्यक्ति को परेशान न किया जाए।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के पीछे की परिस्थितियों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फंदे के लिए इस्तेमाल की गई चुन्नी युवक अपने साथ लाया था या होटल में किसी अन्य माध्यम से मिली। साथ ही प्रेम प्रसंग और अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











