फंदे पर लटका मिला युवक का शव, 48 घंटे में खुला ऐसा राज जिसने सबको चौंका दिया, माँ और भाई गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत का मामला 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज हत्या में बदल गया। जिस मौत को पहले आत्महत्या माना जा रहा था, वह दरअसल एक सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन जांच के आधार पर मृतक की मां और भाई को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गोजी निवासी नरसिंग साहू (23 वर्ष) का शव 29 जून को घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। शुरुआती हालात आत्महत्या की ओर इशारा कर रहे थे, लेकिन घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाकर श्वास अवरुद्ध करना सामने आने के बाद पुलिस को हत्या की आशंका हुई। इसके बाद मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी गई।
हत्या की पूरी साजिश सामने आई
विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतक के भाई नरेश साहू (22 वर्ष) और मां कमला बाई साहू (60 वर्ष) से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों में विरोधाभास मिलने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें हत्या की पूरी साजिश सामने आ गई।
पुलिस के अनुसार, नरसिंग साहू शराब पीने के लिए घरवालों से पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर घर में विवाद बढ़ गया। विवाद के दौरान पहले उसका हाथों से गला दबाया गया, फिर नारियल की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवक के जीवित होने की आशंका में उसे कीटनाशक भी पिला दिया गया।
शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया
हत्या के बाद पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया, ताकि पुलिस और परिजन इसे आत्महत्या समझें। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक जांच और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों ने इस कहानी की परतें खोल दीं और हत्या का पूरा सच सामने आ गया।
पुलिस ने थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 199/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की गई, जिसमें वैज्ञानिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने अहम भूमिका निभाई। महज 48 घंटे के भीतर पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाकर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
शराब पार्टी के बीच दोस्त की हत्या, मामूली विवाद में पत्थर से कुचल दिया सिर, 8 आरोपी गिरफ्तार











