ज्वेलरी शॉप में फिल्मी अंदाज में चोरी, आरोपी महिला और उसका साथी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले महिला सहित दो आरोपियों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवर और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 5.33 लाख रुपये बताई जा रही है। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार 12 मार्च 2026 को रायपुर के देवपुरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान के संचालक ने टिकरापारा थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि दोपहर करीब 3.30 बजे एक महिला और एक युवक सोने का रानी हार खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचे। उस समय दुकान में संचालक का पुत्र मौजूद था।
जेवर ट्राय करने के बहाने पहन लिए
दुकान में जेवर देखने के दौरान महिला ने चालाकी से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और चांदी की बिछिया ट्राय करने के नाम पर पहन लिए। इसके बाद उसने बहाना बनाया कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह भी एक हार खरीदेगी। कुछ देर बाद महिला फोन पर बात करते हुए दुकान से बाहर निकली और सहेली को बुलाने की बात कहकर वहां से फरार हो गई।
साथी युवक भी भागने लगा, पकड़ाया
महिला के काफी देर तक वापस नहीं आने पर उसके साथ आए युवक से पूछताछ की गई। उसने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। इसी दौरान युवक भी मौका देखकर दुकान से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन दुकान संचालक और कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से मिली सफलता
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार महिला का पता लगाया। इसके बाद पुलिस ने दुर्ग शहर से महिला आरोपी को चोरी किए गए जेवरों सहित गिरफ्तार कर लिया।
बरामद किए गए सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली (1 जोड़ी), सोने की अंगूठी, चांदी की पायल (1 जोड़ी), चांदी की बिछिया (3 जोड़ी), वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश्वरी साहू (35 वर्ष) निवासी ग्राम चांपा, जिला जांजगीर-चांपा और मेषराम साहू (21 वर्ष) निवासी ग्राम बिरोदा, थाना अभनपुर, जिला रायपुर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि महिला आरोपी मेषराम के दोस्त की भाभी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











