आयुष्मान योजना में बड़ा खेल : छुरा के संकल्प छत्तीसगढ़ मिशन अस्पताल पर गंभीर आरोप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड स्थित श्री संकल्प छत्तीसगढ़ मिशन हॉस्पिटल में एक बार फिर आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। परिजनों के अनुसार सामान्य मरीजों को गंभीर बीमारी बता कर ज्यादा पैसे का क्लेम किया गया है। शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस अस्पताल का पहले भी अनुज्ञा पत्र निलंबित किया जा चुका है। 

ICU में भर्ती दिखाकर बढ़ाया गया क्लेम?

जानकारी के अनुसार, ओडिशा से इलाज कराने आए मरीज के परिजनों ने आरोप लगाया है कि सामान्य बीमारी या चोट के बावजूद मरीजों को दस्तावेजों में गंभीर दिखाकर ICU में भर्ती बताया गया। जबकि वास्तविकता में उनका इलाज सामान्य वार्ड में किया गया और आयुष्मान योजना के तहत अधिक राशि का क्लेम अस्पताल द्वारा किया गया।

परिजनों के अनुसार, सड़क दुर्घटना में घायल रमशिला मांझी को सिर में चोट लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका कहना है कि उपचार सामान्य रूप से किया गया, लेकिन आयुष्मान कार्ड में उन्हें गंभीर स्थिति में ICU में भर्ती दिखाया गया। बाद में जांच के लिए उन्हें अन्य अस्पताल भी भेजा गया। इसी तरह शबाक बाई मांझी और दुखियां बाई मांझी के परिजनों ने भी आरोप लगाया कि सामान्य हाथ-पैर दर्द की शिकायत पर भर्ती कराने के बावजूद दस्तावेजों में गंभीर बीमारी दर्शाई गई और अधिक क्लेम किया गया।

पहले भी कई मामले

बता दे कि इस अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। कुछ मामलों में मरीजों की मृत्यु के बाद परिजनों ने लापरवाही के आरोप लगाए थे। मामले में अस्पताल का अनुज्ञा पत्र भी निलंबित किया गया था।  ( पढिए ये खबर भी… क्लिक करें) 

मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के रिकॉर्ड, बिलिंग और आयुष्मान क्लेम की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित संस्थान और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी

योजना की पारदर्शिता पर सवाल

इस मामले में गरियाबंद कलेक्टर बी एस उइके ने कहा कि मीडिया के माध्यम से मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही इसकी जांच करवा कर रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।  

वहीं इस मामले में गरियाबंद सीएमएचओ यू एस नवरत्न ने कहा कि मामले में जांच जारी है। जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है और एक हफ्ते के अंदर इसकी रिपोर्ट सौंपने कहा गया है। पुराने 4 मामलों में भी 1 की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी गई है। 

छुरा में सामने आया यह मामला गरीबों को मिलने वाली आयुष्मान योजना की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। केंद्र सरकार द्वारा गरीबों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने की मंशा से शुरू की गई इस योजना में गड़बड़ी की आशंका चिंता का विषय है। इस तरह की गड़बड़ी का बार-बार आरोप लगना और कोई बड़ी कार्यवाही नहीं होना कई आशंकाओं को जन्म देता है। 

फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है। प्रशासन ने रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब सभी की निगाहें जांच के निष्कर्ष पर टिकी हैं। 

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद ब्रेकिंग : नवजात शिशु मामले में छुरा के श्री संकल्प हॉस्पिटल का अनुज्ञा पत्र निलंबित, कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाही

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button