नवापारा ब्रेकिंग: सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर 4.20 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा क्षेत्र में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने तीन युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 4.20 लाख रुपए ठग लिए थे। मामला रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पिपरौद निवासी राहुलदेव साहू (28) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान आरोपी जितेंद्र सिन्हा से पूर्व में पढ़ाई के दौरान हुई थी। इसी परिचय का फायदा उठाकर आरोपी ने नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। उसने समग्र शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ के अंतर्गत वोकेशनल ट्रेनर पद पर नियुक्ति दिलाने का झांसा दिया।
तीन युवाओं से ठगे 4.20 लाख
झांसे में आकर प्रार्थी ने अपनी बहन की नौकरी के लिए अलग-अलग तिथियों में ऑनलाइन माध्यम से कुल 3 लाख 20 हजार रुपए आरोपी को दे दिए। इसके अलावा आरोपी ने इसी तरह कौशल यादव और करूणा यादव से भी 1 लाख रुपए ठग लिए। आरोपी ने इस तरह तीन युवाओं से करीब 4 लाख 20 हजार रुपए की धोखाधड़ी की।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने इंटरव्यू के नाम पर रायपुर के नरदहा स्थित कॉलेज भी बुलाया, लेकिन नियुक्ति पत्र नहीं दिया। पीड़ित का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में फोन बंद कर फरार हो गया। इतना ही नहीं, रकम वापस मांगने पर जान से मरवाने की धमकी भी देने लगा।
आरोपी को भेजा गया जेल
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी जितेंद्र सिन्हा (32) भेण्डरी निवासी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर रायपुर न्यायालय भेज दिया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 1.68 करोड़ की ठगी, स्वास्थ्य विभाग की क्लर्क गिरफ्तार











