गरियाबंद कलेक्टर ने टॉपर विद्यार्थियों का किया सम्मान, जिले में कक्षा 12वीं का 92.89 प्रतिशत एवं दसवीं का 84.16 प्रतिशत रहा परिणाम

गौरव गरियाबंद अभियान के फलस्वरूप पिछले वर्ष की तुलना में 10वीं में 4 एवं 12वीं में 3 प्रतिशत परीक्षा परिणाम की हुई वृद्धि

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कल कक्षा 10 वीं एवं 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। जिला प्रशासन की नवाचारी पहल गौरव गरियाबंद अभियान के फलस्वरूप बोर्ड द्वारा जारी परीक्षा परिणाम में जिले के विद्यार्थियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है।

जिले में कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 92.89 प्रतिशत एवं दसवीं का 84.16 प्रतिशत रहा। जो कि पिछले वर्ष की तुलना में कक्षा बारहवीं में 3 प्रतिशत एवं दसवीं में 4 प्रतिशत की वृद्धि रही। कक्षा बारहवीं के परीक्षा परिणाम में जिले के विद्यार्थियों ने सफलता का परचम लहराते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। इसके फलस्वरूप राज्य स्तर की रैंकिंग में कक्षा बारहवीं में 33 जिलों में पांचवा स्थान हासिल किया है।

इसी प्रकार कक्षा दसवीं में 14वें स्थान हासिल किया है। जिले के बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए कलेक्टर श्री बीएस उइके ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दी। साथ ही बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए लगातार अच्छे काम करने एवं छात्रों का मार्गदर्शन करने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी- कर्मचारियों एवं शिक्षकों के मेहनत की भी प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी।

कक्षा 12वीं का 92.89 प्रतिशत परिणाम

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कक्षा 12वीं में 5 हजार 506 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 5 हजार 473 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। शामिल विद्यार्थियों में से 3 हजार 571 विद्यार्थी फर्स्ट डिवीजन, 1 हजार 473 विद्यार्थी सेकंड डिवीजन एवं 32 विद्यार्थी थर्ड डिवीजन से पास हुए। पूरक आने वाले विद्यार्थियों की संख्या 300 रही। इस प्रकार 5 हजार 76 विद्यार्थी उत्तीर्ण एवं 88 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे। इस प्रकार पासिंग प्रतिशत 92.89 रहा।

इसी प्रकार कक्षा 10वीं में 7 हजार 408 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमे से 7 हजार 287 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 7 हजार 263 विद्यार्थियों का परिणाम घोषित किया गया। इन विद्यार्थियों में से 3 हजार 716 विद्यार्थी फर्स्ट डिवीजन, 2 हजार 286 विद्यार्थी सेकंड डिवीजन एवं 111 विद्यार्थी थर्ड डिवीजन से पास हुए। पूरक आने वाले विद्यार्थियों की संख्या 539 रही। इस प्रकार 6 हजार 113 विद्यार्थी उत्तीर्ण एवं 611 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे। इस प्रकार पासिंग प्रतिशत 84.16 रहा।

अनुशासन में रहना बेहद जरूरी

इस दौरान टॉपर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे नियमित रूप से पढ़ाई करते हैं और अपने दैनिक टाइम-टेबल का पालन करते हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखना ही उनकी सफलता का मुख्य आधार है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के दौरान अनुशासन में रहना बेहद जरूरी है। साथ ही कहा कि वे मोबाइल और सोशल मीडिया का उपयोग नहीं करते थे। कलेक्टर ने जल जीवन अभियान अंतर्गत जल संरक्षण की शपथ दिलाई।

इस दौरान अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर, डीएमसी शिवेश शुक्ल, मनोज केला, श्याम चंद्राकर, बुद्धविलास सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थियों के अभिभावक एवं मीडियाकर्मी उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद जिले के विद्यार्थियों ने रचा इतिहास, बोर्ड मेरिट सूची में 5 छात्रों ने बनाई जगह

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button