तेज रफ्तार कार का कहर: स्कूटी सवार छात्र की मौत, हवा में उछला छात्र, CCTV में कैद हुई घटना

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक तेज रफ्तार कार ने ऐसा कहर बरपाया कि 16 वर्षीय स्कूली छात्र की जान चली गई। बेकाबू कार ने पहले स्कूटी सवार छात्र को जोरदार टक्कर मारी और फिर सामने से आ रही एक स्कूल मिनी बस से जा भिड़ी। हादसे का दिल दहला देने वाला CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्र टक्कर लगते ही करीब 10 फीट ऊपर हवा में उछलकर सड़क पर गिरता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर में वेयरहाउस रोड स्थित संजीवनी अस्पताल के सामने रविवार सुबह करीब 7:30 बजे कार क्रमांक CG 10 BH 7752 तेज गति से वेयरहाउस रोड की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। संजीवनी अस्पताल के सामने कार ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार छात्र कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्कूल बस से भी भिड़ी कार
स्कूटी को टक्कर मारने के बाद चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सामने से गुजर रही स्कूल की मिनी बस क्रमांक CG 10 NB 8858 से जा टकराई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस में सवार किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई।
इलाज के दौरान छात्र ने तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायल छात्र को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया। उसकी पहचान रुद्र प्रताप शर्मा (16 वर्ष), पिता मुकेश शर्मा, निवासी अभिषेक नगर, मंगला के रूप में हुई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अपोलो अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया।
नाबालिग के वाहन चलाने की आशंका
स्थानीय लोगों का दावा है कि हादसे के समय कार एक नाबालिग चला रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वाहन के दस्तावेजों के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। यदि जांच में यह पुष्टि होती है कि वाहन नाबालिग चला रहा था, तो मोटर वाहन अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत वाहन मालिक सहित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
भीषण सड़क हादसा: हाईवा और दो बाइकों की टक्कर, एक की मौत, दो की हालत गंभीर











