पाण्डुका वन परिक्षेत्र में तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों पर जंगली सूअर का हमला, दो अलग-अलग घटना में 4 घायल, विभाग ने सावधानी बरतने की अपील

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के वन परिक्षेत्र पाण्डुका में तेंदूपत्ता तोड़ाई के दौरान जंगली सूअर के हमले में चार ग्रामीण घायल हो गए। घायलों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 1 मई की सुबह पोंड क्षेत्र में तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया। इस हमले में मोरज कुमार (23 वर्ष), पिता कामता साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले उप स्वास्थ्य केंद्र पाण्डुका ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर किया गया।
इसके अलावा पोंड निवासी टमेश्वर (28 वर्ष), पिता डेरहा धीवर, रेवा बाई और एक अन्य महिला भी इस हमले में घायल हो गए। वहीं ग्राम कुटेना निवासी एक युवक पर भी जंगली सूअर ने हमला किया, जिससे वह घायल हो गया।
बता दे कि पाण्डुका वन परिक्षेत्र अंतर्गत 1 मई से तेंदूपत्ता तोड़ाई का कार्य शुरू हो गया है, जो क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए मुख्य आय का साधन है। इसी के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण तड़के सुबह जंगलों की ओर रुख कर रहे हैं। इस दौरान जंगली जानवरों से सामना होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
विभाग ने सावधानी बरतने की अपील
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सरकारी व निजी अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। विभाग द्वारा ग्रामीणों को जंगल में जाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि जंगल में अचानक भीड़ देखकर जंगली जानवर डर जाते हैं और आत्मरक्षा में हमला कर देते हैं, इसलिए सुबह बहुत जल्दी जाने से बचें। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX
यह खबर भी जरुर पढ़े
ब्रेकिंग: घटारानी के जंगल में बाल-बाल बची युवक की जान, मादा तेंदुए ने किया हमला











