छोटे भाई को बचाने पहुंचे बड़े भाई की चापड़ से हत्या: प्रेम प्रसंग को लेकर शुरू हुआ था विवाद, 2 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छोटे भाई को मारपीट से बचाने पहुंचे 22 वर्षीय युवक की बदमाशों ने चापड़ से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 नाबालिग सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, मृतक अभिषेक यादव (22) मोपका गुड़ी मोहल्ला का निवासी था और बीए सेकंड ईयर में पढ़ाई कर रहा था। शनिवार रात करीब 10.30 बजे उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव (16) का कुछ युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और करीब 5 युवकों ने ओमप्रकाश को घेरकर पीटना शुरू कर दिया।
चापड़ से काट दिया गला
छोटे भाई को पिटता देख अभिषेक मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने चापड़/धारदार चाकू से अभिषेक के गले पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घायल अवस्था में उसे अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूरे विवाद की जड़ प्रेम प्रसंग है। ओमप्रकाश यादव का एक युवती से परिचय था, जिस पर दूसरे पक्ष को आपत्ति थी। इसी को लेकर पहले भी विवाद हुआ था और सुलह के लिए दोनों पक्ष मोपका चौक स्थित एक दुकान के पास इकट्ठा हुए थे, लेकिन बातचीत फिर से झगड़े में बदल गई और मामला खूनी रूप ले बैठा।
2 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जबकि ओमप्रकाश जान बचाकर पुलिस चौकी पहुंच गया। युवक की मौत से नाराज परिजन और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घेराबंदी कर सभी 5 आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX











