एक ही परिवार के 4 लोगों की संदिग्ध मौत: पति-पत्नी ने लगाई फांसी, बच्चों के शव बिस्तर पर मिले, तिरुपति से लौटा था परिवार, सुसाइड नोट बरामद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मकान में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर के अंदर पति-पत्नी की लाश फांसी के फंदे पर झूलती मिली, जबकि उनके दो मासूम बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े पाए गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आर्य नगर का है।

जानकारी के अनुसार आर्य नगर के रहने वाले गोविंद साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष), बेटी दृष्टि साहू (13 वर्ष) और बेटे यशांत साहू (11 वर्ष) का शव संदिग्ध हालत में मिला है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह जब घरवालों ने दरवाजा खटखटाया और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तब दरवाजा खोलकर देखा गया। अंदर का दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। कमरे में पति-पत्नी फंदे पर लटके थे, जबकि दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे।

बताया जा रहा है कि परिवार तिरुपति बालाजी दर्शन कर लौटा था। गुरुवार रात परिजनों के साथ खाना और मिठाई खाने के बाद सभी अपने कमरे में सोने चले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी, एफएसएल टीम और मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।

बच्चों को जहर देने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को पहले नींद का इंजेक्शन या जहरीला पदार्थ दिया गया, जिसके बाद उनकी मौत हुई। इसके बाद दंपती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। बताया जा रहा है कि बच्चों के गले पर भी निशान मिले हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।

मौके से मिला सुसाइड नोट

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नोट में आर्थिक तंगी और पारिवारिक विवाद का जिक्र किया गया है। पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि परिवार किस तनाव से गुजर रहा था।

प्राइवेट फर्म में नौकरी करता था मृतक

बताया जा रहा है कि गोविंद साहू सुपेला स्थित एक शेयर ट्रेडिंग फर्म में प्राइवेट नौकरी करता था। शुरुआती पूछताछ में परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात भी सामने आई है। पड़ोसियों और परिचितों के अनुसार परिवार पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था, हालांकि बाहर से सब सामान्य दिखाई देता था।

हर पहलू की जांच कर रही पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, परिवार की गतिविधियों और आर्थिक स्थिति की पड़ताल कर रही है। एसएसपी विजय अग्रवाल समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। एफएसएल टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या सामूहिक आत्महत्या का।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

एक ही परिवार के 4 लोगों की निर्मम हत्या, निर्माणाधीन मकान में खून से लथपथ मिला शव, इस बात की आशंका

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button