लगातार चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, इतनी बढ़ी कीमत
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– देशभर में एक बार फिर आम जनता को महंगाई का झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने 25 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ा इजाफा कर दिया है। नई दरों के अनुसार पेट्रोल ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा हो गया है। लगातार बढ़ती कीमतों से आम लोगों के साथ-साथ परिवहन और व्यापार क्षेत्र पर भी असर पड़ने लगा है।
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अब पेट्रोल की कीमत ₹109 प्रति लीटर के पार पहुंच चुकी है। राजधानी रायपुर में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत बढ़कर ₹107.96 हो गई है, जबकि डीजल के दाम भी तेजी से बढ़े हैं। लगातार हो रही इस बढ़ोतरी से वाहन चालकों में नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि मई महीने में यह चौथी बार है जब तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ाए हैं। इससे पहले 15 मई को प्रति लीटर ₹3 की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 19 मई और 23 मई को भी 90-90 पैसे प्रति लीटर दाम बढ़ाए गए थे। अब 25 मई की नई वृद्धि के बाद आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
महंगाई भी बढ़ रही
विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और टैक्स संरचना के कारण घरेलू बाजार में ईंधन महंगा हो रहा है। वहीं लगातार बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों का असर रोजमर्रा की जरूरतों और माल भाड़े पर भी पड़ने की आशंका है, जिससे आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ सकती है।
लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों को लेकर आम जनता सरकार से राहत की उम्मीद कर रही है। सोशल मीडिया पर भी लोग बढ़ते दामों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
कीमतों में अभी और वृद्धि
ऐसा नहीं है कि पेट्रोल-डीजल में यह तेजी थम जाएगी। जानकारों के मुताबिक आने वाले दिनों में ईंधन की कीमत और बढ़ सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि तेल कंपनियां अपना घाटा कम करना चाहती हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
पेट्रोल-डीजल फिर महंगा: हफ्ते भर में दूसरी बार इतने बढ़े दाम, बढ़ती कीमतों से लोगों की जेब पर असर











