राजिम ब्रेकिंग: करंट से युवक की मौत, सीसी रोड निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा, गुस्साए लोगों ने किया प्रदर्शन, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के पाण्डुका क्षेत्र में जल संसाधन विभाग के अंतर्गत चल रहे सीसी रोड निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शनिवार को पाण्डुका स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे सीसी रोड निर्माण कार्य के दौरान मजदूर योगेंद्र पटेल करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद साथियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए पाण्डुका स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। परिजनों का आरोप है कि उस समय अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं थे, जिसके कारण समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका। युवक की हालत गंभीर होने पर उसे राजिम अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन बरोंडा के पास रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के दूसरे दिन शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पाण्डुका स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, ठेकेदार की लापरवाही तथा अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति को युवक की मौत का मुख्य कारण बताया। उनका कहना था कि यदि समय पर उपचार उपलब्ध हो जाता तो योगेंद्र पटेल की जान बचाई जा सकती थी।
लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद संबंधित ठेकेदार मौके से चला गया और घायल मजदूर की कोई सुध नहीं ली। इस लापरवाही को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। प्रदर्शन के दौरान स्वास्थ्य विभाग, जल संसाधन विभाग और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि चार दिनों के भीतर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवापारा ब्रेकिंग: नाबालिग मजदूर की मौत, काम के दौरान बिगड़ी तबीयत, ठेकेदार पर लगे लापरवाही के आरोप











