पार्षद की शर्मनाक करतूत: रेप केस में फंसाने की धमकी देकर मांगे 50 हजार, पहुंचा जेल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रेप केस में फंसाने की धमकी देकर रुपए मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने भाजपा से निष्कासित पार्षद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर युवक से 40 से 50 हजार रुपए की अवैध वसूली का दबाव बनाने का आरोप है। मामला रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र का है।

जानिए मामला

जानकारी के मुताबिक वार्ड-10 निवासी साहिल यादव (26) का धरमजयगढ़ क्षेत्र की एक युवती से पिछले चार-पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। 7 मई 2026 को दोनों के बीच विवाद होने पर मामला थाना घरघोड़ा पहुंचा। इस दौरान नगर पंचायत घरघोड़ा के वार्ड-2 के पार्षद श्याम भोजवानी भी साहिल के साथ थाने पहुंचे थे। थाना में दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद समझौता हो गया और युवती ने किसी प्रकार की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई।

रेप केस में फांसने की धमकी

आरोप है कि मामला शांत होने के कुछ ही घंटे बाद उसी शाम करीब 6 बजे पार्षद श्याम भोजवानी साहिल के घर पहुंचा और परिवार को धमकाने लगा। पीड़ित साहिल के अनुसार आरोपी ने कहा कि “थाने में मामला दबाने के लिए 50 हजार रुपए देने पड़ेंगे, नहीं तो रेप केस में जेल भिजवा दूंगा।” परिवार द्वारा असमर्थता जताने पर आरोपी ने 40 हजार रुपए में “सेटलमेंट” कराने की बात कही।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार मोबाइल कॉल कर साहिल और उसकी मां पर रकम जल्द देने का दबाव बनाता रहा। साथ ही पैसे नहीं देने पर बलात्कार के मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देता रहा। डर और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आखिरकार साहिल यादव ने 9 मई को थाना घरघोड़ा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी गिरफ्तार, भेज गया जेल

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी द्वारा रकम मांगने और धमकी देने संबंधी ऑडियो क्लिप भी मिली, जिसे पेन ड्राइव में सुरक्षित जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पार्षद श्याम भोजवानी (56) निवासी घरघोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2), 308(6) और 62 के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

‘अश्लील वीडियो’ देखने का आरोप, धमकी देकर फर्जी साइबर अधिकारी बनकर ठगे 4.50 लाख, जानिए पूरा मामला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button