छुरा में एक ही दिन दो युवकों ने की आत्महत्या, बंद आंगनबाड़ी परिसर और जंगल में मिली लाशें, गांवों में पसरा मातम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा :– गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र में बुधवार को दो आत्महत्या की घटना सामने आई है। एक ही दिन में दो अलग-अलग गांवों से दो युवकों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों युवक पिछले कुछ दिनों से लापता बताए जा रहे थे और परिजन उनकी तलाश में जुटे हुए थे। इस बीच उनका शव फंदे से लटका मिला।
आंगनबाड़ी परिसर में फंदे पर मिला युवक
पहला मामला छुरा थाना क्षेत्र के ओनवा नामक गांव का है, जहां लगभग 25 वर्षीय गिमेश ध्रुव एक दिन पहले घर से लापता था। परिजन और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।
अगली सुबह गांव के कुछ लोगों की नजर गांव के पुराने और वर्षों से बंद पड़े आंगनबाड़ी परिसर पर पड़ी। खंडहरनुमा भवन के आसपास उगी घनी झाड़ियों के बीच युवक का शव फांसी के फंदे पर झूलता दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान गिमेश ध्रुव के रूप में हुई। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
जेब में था मोबाइल
ग्रामीणों के अनुसार गिमेश ध्रुव मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था। उसकी किसी से कोई बड़ी दुश्मनी या विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है। यही कारण है कि उसकी मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि शव मिलने के दौरान भी उसका मोबाइल फोन उसकी जेब में था और उस पर लगातार कॉल आ रहे थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
जंगल में पेड़ से लटका मिला दूसरा युवक
छुरा क्षेत्र के ग्राम जाटियातोरा में 35 वर्षीय दुलेश्वर जगत का शव गांव के जंगल में एक पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। जानकारी के अनुसार दुलेश्वर भी पिछले कुछ दिनों से लापता था। परिजन और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। गांव में उसकी गुमशुदगी चर्चा का विषय बनी हुई थी और सभी उसके सकुशल लौटने की उम्मीद लगाए बैठे थे।
लेकिन जंगल में उसकी लाश मिलने की खबर ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मानसिक तनाव में आत्महत्या की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार दुलेश्वर जगत पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और तथ्यों के सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
दोनों मामलों की जांच शुरू
फिलहाल छुरा पुलिस दोनों स्थानों पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल, घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य तकनीकी तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
बढ़ते मर्ग मामलों ने बढ़ाई चिंता
छुरा थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे इस तरह के मामले चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 37 मर्ग प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। वहीं जून माह में ही यह आठवां मामला है। एक के बाद एक सामने आ रहे आत्महत्या और असामान्य मौतों के मामलों ने आम लोगों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है। फिलहाल दोनों मौतों के कारणों पर रहस्य बरकरार है और पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
दो अलग-अलग कमरों में लटके मिले पति-पत्नी के शव, गांव में सनसनी, जांच के ये बात आई सामने











