भगवान महेश के जयकारों से गूंजा नवापारा, माहेश्वरी समाज ने धूमधाम से मनाया 5159वां उत्पत्ति दिवस

निकाली विशाल बाइक रैली

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– माहेश्वरी समाज नवापारा द्वारा मंगलवार को समाज का 5159वां उत्पत्ति दिवस श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। भगवान महेश के वंशज होने के गौरव के साथ सामाजिक बंधुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रमों की शुरुआत एक दिन पूर्व 22 जून को श्री गोपाल गौशाला में गौ सेवा के साथ हुई, जहां समाजजनों ने गौमाता को गुड़ एवं हरा चारा खिलाकर सेवा कार्य किया।

23 जून की सुबह राधाकृष्ण मंदिर में भगवान शिव का विधिवत अभिषेक एवं पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर सौरभ एवं रिया राठी यजमान के रूप में पूजन में शामिल हुए। पंडित देवेंद्र दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक एवं पूजा-अर्चना करवाई। आरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।

शाम 5 बजे राधाकृष्ण मंदिर से विशाल बाइक रैली निकाली गई। भगवान महेश के जयकारों के साथ निकली इस रैली में सैकड़ों की संख्या में समाज के युवक-युवतियों, महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गंज रोड और सदर बाजार का भ्रमण कर पुनः राधाकृष्ण मंदिर पहुंची। यहां सालासर सुंदरकांड समिति द्वारा रैली में शामिल लोगों का दूध एवं कोल्ड ड्रिंक से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में रायपुर से पर्यवेक्षक के रूप में महेश बिड़ल तथा अभनपुर से राहुल राठी एवं राजेश गांधी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके बाद महिलाओं द्वारा विभिन्न खेलकूद, मनोरंजक प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित जनों का मन मोह लिया।

प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

सायं 7 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ भगवान महेश की वंदना की गई। इस अवसर पर समाज की प्रतिभाओं का सम्मान भी किया गया। प्रतिभा सम्मान के अंतर्गत खुशी काबरा, माधव एवं गगन मूंदड़ा को सम्मानित किया गया। वहीं वरिष्ठ समाजजनों में श्रीमती गुलाबी देवी, विद्या देवी काबरा, पुष्पा दम्माणी, उर्मिला मूंदड़ा एवं राजू केला का सम्मान किया गया।

समाज सभा के अध्यक्ष सुरेश काबरा एवं सचिव दीपेश काबरा को उनके तीन वर्षीय सफल कार्यकाल पूर्ण होने पर सम्मानित किया गया। साथ ही आगामी तीन वर्षों के लिए नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेश कुमार दम्माणी एवं सचिव सुशील सोमानी को शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई।

समाज की पहचान अग्रणी

पर्यवेक्षकों ने अपने उद्बोधन में समाज की एकता, जनसंख्या वृद्धि, वृक्षारोपण, सामाजिक परंपराओं के संरक्षण तथा समाज सेवा के क्षेत्र में माहेश्वरी समाज के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि संख्या भले ही कम हो, लेकिन व्यापार, उद्योग, राजनीति, धर्म और समाजसेवा के क्षेत्र में माहेश्वरी समाज की पहचान अग्रणी रही है।

कार्यक्रम में सुरेश काबरा, लक्ष्मीकुमार दम्माणी, राजू काबरा, जितेंद्र, नरेश, दिनेश, दीपेश, शैलेश, कैलाश, नितिन तापड़िया, सुभाष केला, सुशील सोमानी, सीताराम केला, डॉ गोपाल केला, राहुल केला, ओम सारड़ा, नंदकिशोर राठी, अमोल मूंदड़ा सहित बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष सदस्य उपस्थित रहे।

सभा को सुरेश काबरा एवं राजू काबरा ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन दीपेश काबरा द्वारा किया गया। अंत में सभी समाजजनों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

ब्राह्मण समाज नवापारा की जनसेवा में नया विस्तार: मोक्ष रथ के बाद अब शव फ्रीजर की सुविधा, सभी वर्गों के लिए उपलब्ध

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button