अवैध उत्खनन रोकने ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, बौखलाए रेत माफियाओं ने सरपंच परिवार पर किया हमला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के विरोध में ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। इससे बौखलाए रेत माफियाओं ने सरपंच परिवार पर हमला कर दिया। सरपंच पति के साथ मारपीट की गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचीं महिला सरपंच भी घायल हो गईं। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामला आरंग थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कुटेला में अवैध रेत कारोबार के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आरंग-लवन मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न स्तरों पर शिकायतें किए जाने के बावजूद अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

निस्तारी तालाब पाटकर रेत का अवैध भंडारण

ग्रामीणों का आरोप है कि रेत माफिया गांव के निस्तारी तालाब को पाटकर वहां बड़े पैमाने पर अवैध रेत का भंडारण कर रहे हैं। ग्राम पंचायत की ओर से लगातार शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन संबंधित विभागों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

घंटों जाम रहा आरंग-लवन मार्ग

चक्काजाम के चलते आरंग-लवन मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि अवैध रेत कारोबार पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

चक्काजाम से बौखलाए आरोपियों का हमला

ग्रामीणों का आरोप है कि चक्काजाम समाप्त होने के कुछ समय बाद अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों ने सरपंच पति को घेरकर मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचीं महिला सरपंच कमलेश्वरी संतोष जलक्षत्री को भी चोटें आईं। घटना के बाद डरे-सहमे सरपंच अपने पति और परिवार के साथ आरंग थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

खनिज विभाग पर उठे सवाल

लगातार शिकायतों और विरोध प्रदर्शन के बावजूद अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की निष्क्रियता के कारण रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और अब विरोध करने वालों पर भी हमले किए जा रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी

मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। वहीं अवैध रेत उत्खनन और भंडारण से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

सीएम हेल्पलाइन 1076 की शिकायत पर हुई कार्रवाई : 90 ट्रैक्टर रेत का अवैध भंडारण एवं तीन वाहन जब्त

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button