मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना से श्रमिक की पुत्री के सपनों को मिली उड़ान, मिली 2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि
प्रावीण्य सूची में बनाया था स्थान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में श्रमिक परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने हेतु संचालित मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है।
जिले के चौबे कॉलोनी निवासी एवं छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के पंजीकृत श्रमिक भारत लाल साहू की पुत्री सुश्री काजल साहू ने कक्षा 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की प्रावीण्य सूची में 9वां स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि पर श्रम विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत उन्हें 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा दोपहिया वाहन क्रय करने हेतु 1 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इस प्रकार उन्हें कुल 2 लाख रुपये की सहायता राशि 5 जून 2026 को आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में प्रदान की गई।
आर्थिक चिंता होगी कम
श्री साहू ने बताया कि वे मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के करण उन्हें अपनी पुत्री की शिक्षा-दिक्षा में व्यय करने में कठिनाई होती थी, लेकिन योजना से प्राप्त सहायता से अब उनकी पुत्री की शिक्षा-दीक्षा का खर्च वहन करने में मदद मिलेगी तथा उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक चिंता भी कम होगी।
श्री साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं श्रम विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर प्रदान कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को 12वीं तक मिलेगी मुफ्त आवासीय शिक्षा, यहाँ करें आवेदन











