भारी बवाल के बाद सम्मानपुर (नकटी) में लगभग 9 हेक्टेयर शासकीय भूमि से 77 अवैध मकान हटाए गए, विधायक अनुज शर्मा ने कहा – जरूरतमंदों के साथ अन्याय नहीं होगा
विस्थापितों के व्यवस्थापन की पूरी चिंता करेगी सरकार- विधायक अनुज शर्मा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :-रायपुर जिले के धरसींवा विकासखंड के ग्राम सम्मानपुर (नकटी) में आज राजस्व, पुलिस एवं नगर निगम के अमले ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लगभग 9 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर बने 77 अवैध मकानों को हटाया। वहीं इसके विरोध में ग्रामीण धरने पर बैठ गए थे। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान महिलाओं और बच्चों के रोते हुये वीडियो वायरल भी हुए है। भारी विरोध के चलते मौके पर बड़ी संख्या में फोर्स मौजूद रही।
संबंधित अधिकारियों ने बताया कि उक्त शासकीय भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा था। कार्रवाई से पूर्व प्रशासन द्वारा सभी कब्जाधारियों को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे तथा अंतिम सूचना भी दी गई थी। कार्रवाई के पश्चात सभी कब्जाधारियों के व्यवस्थापन की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित आवासों में की जा रही है। वहां उनके लिए भोजन एवं पेयजल तथा स्वास्थ्य के लिए एम्बुलेंस एवं डॉक्टर्स की टीम की व्यवस्था भी की गई है।
सामान के परिवहन के लिए मालवाहक वाहनों की व्यवस्था की गई है तथा सामान सुरक्षित रखने के लिए कोटवारों की ड्यूटी लगाई गई है। व्यवस्थापन स्थल तक लोगों को पहुंचाने के लिए बसों की भी व्यवस्था की गई है।
पूरी चिंता करेगी सरकार

शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के बाद जिला प्रशासन द्वारा विस्थापित परिवारों का पुनर्वास किया जा रहा है। पात्र 60 परिवारों का नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित आवासों में सफलतापूर्वक पुनर्वास कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि शेष मामलों में केवल बाउंड्रीवाल का निर्माण पाया गया था तथा उन परिवारों का गांव में अपना मकान भी था। निर्धारित मानकों के अनुसार ऐसे मामलों में पुनर्वास के लिए आवास उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।
विधायक अनुज शर्मा ने इस सम्बंध में कहा कि शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार विस्थापित परिवारों की पूरी चिंता कर रही है और उनके समुचित व्यवस्थापन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर पहले भी सरपंच एवं स्थानीय लोगों से चर्चा की गई थी और सरकार अपने आश्वासन पर कायम है।
श्री शर्मा ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि कुछ लोग गांव का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सरकार पहले भी ग्रामीणों के साथ थी और आज भी उनके साथ खड़ी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
126 एकड़ सरकारी भूमि हुआ अतिक्रमण मुक्त: शासकीय भूमि अब जनहित के लिए आरक्षित











