पत्नी से अवैध संबंध के शक में हत्या! पड़ोसी युवक को कुल्हाड़ी से काट डाला, आरोपी पति गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– पत्नी से पड़ोसी युवक के अवैध संबंध का शक जान पर भारी पड़ गया। पति ने पड़ोसी युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में लेकर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। मामला सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र का है।
पुरानी रंजिश और चरित्र शंका में हत्या
जानकारी के अनुसार, पलड़ा निवासी श्रीलाल अगरिया (35) की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कनकनगर निवासी आनंद अगरिया (35) को अपनी पत्नी और श्रीलाल के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मृतक को अपनी पत्नी से दूर रहने के लिए कई बार समझाया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने धारदार हथियार से श्रीलाल पर हमला कर दिया।
मौके पर ही मौत
अचानक हुए हमले में श्रीलाल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने कुल्हाड़ी की जब्त
घटना के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर कनकनगर निवासी आनंद अगरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है। आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी और मृतक के बीच अवैध संबंध होने का शक था। बार-बार मना करने के बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी से हमला कर श्रीलाल की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











