खेत में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत: फसल बचाने बिछाया था करंट, चपेट में आकर दोनों की मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– फसल को मवेशियों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर लगाए गए बिजली तार के करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बीरनपुर कला में गोकरण पटेल (55 वर्ष) अपने 22 वर्षीय पुत्र परमेश पटेल के साथ किराए के खेत में खेती-किसानी कर रहे थे। फसल को आवारा मवेशियों से बचाने के लिए खेत की मेड़ पर बिजली प्रवाहित झटका तार लगाया गया था। बुधवार को खेत में बुआई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान परमेश पटेल अचानक बिजली प्रवाहित तार के संपर्क में आ गया और तेज करंट लगने से जमीन पर गिर पड़ा।
शव देख पत्नी के उड़े होश
बेटे को तड़पता देख पिता गोकरण पटेल उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। कुछ ही क्षणों में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे का खुलासा तब हुआ जब गोकरण पटेल की पत्नी दोनों के लिए भोजन लेकर खेत पहुंचीं। वहां पिता-पुत्र को जमीन पर पड़ा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने चीख-पुकार मचाई, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल ग्राम कोटवार व सहसपुर लोहारा पुलिस को सूचना दी।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही सहसपुर लोहारा पुलिस मौके पर पहुंची। बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, जिसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
पारागांव में दर्दनाक हादसा: मुरुम लोड हाइवा ने बाइक सवार को कुचला, पिता-पुत्र समेत तीन की मौत










