घर में खून से लथपथ मिला महिला का शव, लिव-इन पार्टनर फरार; हत्या का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक महिला का खून से लथपथ शव उसके घर के भीतर दरवाजे के पास पड़ा मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। घटना के बाद से महिला का लिव-इन पार्टनर लापता है, जिसके चलते पुलिस को उसपर ही हत्या की आशंका है। मामला बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान सरस्वती बरगाह (46) के रूप में हुई है। वह कुसमी नगर पंचायत के सिंचाई कॉलोनी स्थित अपने मकान में अकेली रहती थीं। करीब 15 वर्ष पूर्व उनके पति रंगीलाल बरगाह ने आत्महत्या कर ली थी। उसके दो बेटियां है, जिनकी शादी हो चुकी है और वे अपने-अपने ससुराल में रहती हैं।
लिव-इन पार्टनर फरार
जानकारी के मुताबिक, सरस्वती अपनी बेटी से मिलने थानपारा बस्ती गई थीं और बाद में वापस अपने घर लौट आई थीं। इसके बाद से उनका किसी से संपर्क नहीं हुआ। जब बेटी मां से मिलने पहुंची तो घर का दरवाजा बाहर से बंद मिला। दरवाजा खोलकर जैसे ही वह अंदर गई, सामने का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। मां का शव खून से लथपथ हालत में दरवाजे के पास पड़ा था और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।
घटना की सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने सिर पर गंभीर वार के कारण मौत होने की पुष्टि की।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि सरस्वती एक पुरुष के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थीं। घटना के बाद से वह व्यक्ति फरार है, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया है। उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस ने धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
जंगल में मिली युवती की संदिग्ध लाश: जीजा के साथ लिव-इन में रह रही थी, बहन भी रहती थी साथ











