सावधान! गरियाबंद के पर्यटन स्थलों पर हुड़दंगियों और नशा करने वालों पर होगी सख्ती, एसपी ने औचक निरीक्षण कर दिए कड़े निर्देश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चींगरापगार, जतमई, घटारानी तथा विश्व प्रसिद्ध प्राकृतिक शिवलिंग भूतेश्वर नाथ पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पर्यटन स्थलों पर तैनात पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश दिए कि शांति भंग करने वाले, हुड़दंग मचाने वाले तथा नशे का सेवन करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। मौके पर मौजूद लोगों को भी चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियां पाए जाने पर उनके विरुद्ध विधिसम्मत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छ और सुरक्षित बनाने में करें सहयोग

एसपी श्री सिरमौर ने संबंधित थाना प्रभारियों को पर्यटन स्थलों पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गरियाबंद के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर आने वाले प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों और पर्यटकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि गरियाबंद जिला अपनी प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था के लिए पूरे प्रदेश में प्रसिद्ध है। इसकी स्वच्छता और सुरक्षा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से पर्यटन स्थलों पर गंदगी न फैलाने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने तथा स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में गरियाबंद पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











