गरियाबंद पुलिस की हाईटेक पहल: थाना राजिम और शोभा में शुरू हुई ई-पेन हस्ताक्षर प्रणाली, प्रार्थियों को मिलेगी डिजिटल हस्ताक्षरित FIR

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तकनीक के बढ़ते दौर में पुलिस व्यवस्था को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और त्वरित बनाने की दिशा में गरियाबंद पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के मार्गदर्शन में जिले के थाना राजिम एवं थाना शोभा में ई-पेन हस्ताक्षर (E-Pen Signature) प्रणाली की शुरुआत की गई है। अब प्रार्थियों को प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) की डिजिटल हस्ताक्षरित प्रति तत्काल उपलब्ध कराई जा रही है।
नई व्यवस्था के तहत अब सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) केस सॉफ्टवेयर के माध्यम से एफआईआर पर प्रार्थी (शिकायतकर्ता) और विवेचक (जांच अधिकारी) दोनों के हस्ताक्षर डिजिटल एवं ई-पेन के जरिए सीधे सिस्टम में दर्ज किए जाएंगे। इससे मैन्युअल हस्ताक्षर और कागजी प्रक्रिया की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी तथा डिजिटल पैड और ई-पेन की मदद से कंप्यूटर स्क्रीन पर ही हस्ताक्षर किए जा सकेंगे।
प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी
इस तकनीक के लागू होने से प्रार्थियों को थाने में अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। एफआईआर दर्ज होते ही उसकी प्रमाणित डिजिटल हस्ताक्षरित प्रति तुरंत उपलब्ध करा दी जाएगी। साथ ही सीसीटीएनएस पोर्टल पर डिजिटल हस्ताक्षर होने से एफआईआर और केस डायरी के रिकॉर्ड पूरी तरह सुरक्षित, छेड़छाड़ मुक्त और प्रमाणिक रहेंगे। विवेचक एवं प्रार्थी के डिजिटल हस्ताक्षरों से पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा न्यायिक कार्रवाई भी अधिक तेज और प्रभावी होगी।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि गरियाबंद पुलिस आम जनता को त्वरित, पारदर्शी और आधुनिक पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। थाना राजिम और थाना शोभा से शुरू की गई यह ई-पेन हस्ताक्षर व्यवस्था जल्द ही जिले के सभी थानों में अनिवार्य रूप से लागू की जाएगी। उन्होंने बताया कि स्मार्ट पुलिसिंग और डिजिटल इंडिया के विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl










