तालाब में मिली युवती की लाश का खुलासा! अफेयर के शक में प्रेमी ने की हत्या, गला घोंटकर तालाब में फेंका शव, प्रेमी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को तालाब के पास फेंककर फरार हो गया। मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंधों में विवाद और बेवफाई के शक के चलते प्रेमी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार खमतराई क्षेत्र अंतर्गत WRS कॉलोनी तालाब में 4 अगस्त को एक युवती की लाश मिली थी। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदिनी जैन के रूप में हुई है।
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती
बताया जा रहा है कि करीब चार वर्ष पहले नंदिनी और आरोपी करण तांडी (23) की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों लंबे समय तक संपर्क में रहे और कुछ समय तक साथ भी रहे। बाद में अलग रहने के बाद आरोपी करण को नंदिनी के चरित्र पर संदेह होने लगा, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा।
मिलने बुलाया और मार डाला
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 की शाम नंदिनी, WRS कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पास आरोपी से मिलने पहुंची थी। आरोपी उसे मंदिर के पीछे पानी भरे खेत की ओर ले गया। वहां अन्य युवकों से संबंध होने के शक को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में करण ने पहले नंदिनी के मुंह में उसका दुपट्टा ठूंसा, फिर उसी दुपट्टे से गला कसकर दबाया। इसके बाद मौत सुनिश्चित करने के लिए उसका सिर पानी में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
गले के निशान ने खोला हत्या का राज
4 अगस्त को स्थानीय लोगों ने तालाब में युवती का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर खमतराई पुलिस, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा एफएसएल टीम पहुंची। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान युवती के गले पर दबाव और चोट के स्पष्ट निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका मजबूत हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की पुष्टि करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान मृतका के परिजनों और परिचितों से पूछताछ की गई। परिजनों ने नंदिनी के प्रेमी करण तांडी पर संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पूछताछ के आधार पर देवेंद्र नगर के त्रिमूर्ति नगर निवासी करण तांडी (23 वर्ष) को हिरासत में लिया। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन मोबाइल लोकेशन, अन्य तकनीकी साक्ष्यों और सघन पूछताछ के बाद उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर ब्रेकिंग : तालाब किनारे संदिग्ध हालत में मिली चौकीदार की लाश, इस बात की जताई जा रही आशंका











