जतमई धाम में अब ‘पुलिस मित्र’ संभालेंगे पर्यटकों की सुरक्षा, समिति सदस्यों को बांटी गई टी-शर्ट और कैप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल जतमई धाम में पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को मजबूत करने के लिए गरियाबंद पुलिस ने नई पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जतमई पर्यटन स्थल समिति के सदस्यों को ‘पुलिस मित्र’ बनाया गया है। इस दौरान समिति सदस्यों को ‘पुलिस मित्र’ लिखी टी-शर्ट और कैप वितरित की गई।

पुलिस के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पुलिस और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जतमई धाम में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना है। पुलिस मित्र, पुलिस जवानों के साथ समन्वय बनाकर पर्यटकों की सहायता करेंगे और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाएंगे।

असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर

पुलिस मित्र जतमई जलप्रपात और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पर्यटकों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक करेंगे। ऊंची चट्टानों और जलप्रपात के आसपास दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लोगों को सतर्क किया जाएगा। इसके साथ ही परिसर में नशाखोरी, हुड़दंग, छेड़छाड़ या अन्य असामाजिक गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी और संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दी जाएगी।

खोए बच्चों और बुजुर्गों की करेंगे मदद

दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस मित्र त्वरित सहायता उपलब्ध कराएंगे। खोए-पाए बच्चों और बुजुर्गों की मदद करने के साथ ही पर्यटकों को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। सप्ताहांत और त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में भी पुलिस मित्र सहयोग करेंगे।

‘पुलिस मित्र’ की विशेष टी-शर्ट और कैप से समिति सदस्यों की अलग पहचान होगी। इससे पर्यटक किसी समस्या की स्थिति में आसानी से उनसे संपर्क कर सकेंगे। गरियाबंद पुलिस का कहना है कि इस पहल से जतमई धाम को सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल पर्यटन स्थल बनाने में मदद मिलेगी।

पुलिस ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि वे पुलिस मित्रों और स्थानीय प्रशासन का सहयोग करें तथा जतमई धाम की पवित्रता, सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

जतमई धाम में झपटमारी करने वाले महाराष्ट्र के गिरोह का भंडाफोड़: बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना, सोने की चेन, कार और मोबाइल जब्त

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button