दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या, खाली प्लॉट में फेंका शव, आरोपी गिरफ्तार, पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले में एक महिला का दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था और साइकिल से उनका पीछा करता था। उसके बाद वारदात को अंजाम देता था। मामला मुजगहन थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है आरोपी ने दूसरी महिला से भी मारपीट किया था।
खाली प्लॉट में मिला था महिला का शव
पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई 2026 को मुजगहन थाना क्षेत्र के न्यू स्वागत विहार के पास एक खाली प्लॉट में भरे पानी में महिला का शव मिला था। सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, मुजगहन पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान मृतका की बाईं आंख के ऊपर चोट और शरीर के अन्य हिस्सों पर खरोंच के निशान मिले। मृतका बोरियाकला की रहने वाली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दूसरी महिला से मारपीट कर भाग गया था आरोपी
बताया गया कि इसी थाना क्षेत्र में 5 अगस्त 2026 की रात सेजबहार निवासी एक महिला ने अज्ञात युवक के खिलाफ मारपीट और धमकी की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के अनुसार, रात करीब 8.30 बजे वह घर जा रही थी। इसी दौरान बेकरी दुकान के पास पीछे से एक अज्ञात युवक आया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
आरोपी ने महिला को नाली में धक्का देकर गिरा दिया और उसके साथ मारपीट की। महिला के जोर-जोर से चिल्लाने पर आरोपी मौके से भाग गया। इस मामले में मुजगहन थाना बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया था।
दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा मुजगहन पुलिस की 8 से अधिक अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ मृतका के परिजनों, परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
वहीं दूसरी घटना में पीड़िता से आरोपी के हुलिए, पहनावे और घटनास्थल तक आने-जाने के तरीके सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई। पुलिस टीमों ने दोनों घटनास्थलों और आसपास के संभावित मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने पुराने मामलों में संलिप्त आरोपियों और हाल ही में जेल से बाहर आए संदिग्धों की गतिविधियों की भी जांच की। मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
आरोपी ने स्वीकार किया अपराध
जांच के दौरान पुलिस टीम को सेजबहार निवासी देवेन्द्र कुमार साहू के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी ने महिला की हत्या सहित दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अक्सर अकेली महिलाओं को देखकर उनका साइकिल से पीछा करता था। हत्या वाले दिन भी उसने महिला को अकेले जाते देखा और साइकिल से उसका पीछा किया। बाद में उसने महिला को पकड़कर झूमाझटकी की और उसे घटनास्थल के पास पानी में ले गया।
आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और इसके बाद गला दबाने तथा मुंह-नाक पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह मृतका का मोबाइल फोन लेकर साइकिल से मौके से फरार हो गया। दूसरी महिला के साथ भी आरोपी ने इसी तरह वारदात करने का प्रयास किया था, लेकिन महिला के शोर मचाने पर वह मौके से भाग गया।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले भी महिला संबंधी मामलों में जेल जा चुका है। वर्ष 2017 में मुजगहन थाने में दर्ज एक मामले में उस पर दुष्कर्म सहित पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज हुआ था। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में न्यायालय ने उसे 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। इसके अलावा वर्ष 2025 में टिकरापारा थाने में भी उसके खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला, पिता तुकाराम साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी सेजबहार आमापारा, थाना मुजगहन, जिला रायपुर के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
महिला की संदिग्ध मौत, खुले प्लॉट में मिला शव, जताई जा रही इस बात की आशंका











