तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक की मौत, नवापारा पुलिस ने चालक के खिलाफ दर्ज किया मामला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गोबरा नवापारा थाना में सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाते हुए चालक ने युवक को टक्कर मारी थी। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:30 बजे पोंड निवासी नानू पाल उर्फ टेमन घर से यह कहकर निकला था कि वह गली की ओर घूमने जा रहा है। रात करीब 9 बजे तक वह खाना खाने के लिए घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने गांव में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला।    

अगली सुबह 17 जुलाई को करीब 6 बजे मोहल्ले के लोगों ने परिजनों को सूचना दी कि परफेक्ट विद्या पीठ स्कूल के पास नानू पाल मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां नानू के सिर और कमर में गंभीर चोट के निशान मिले।

पुलिस ने किया मामला दर्ज

मामले में थाना गोबरा नवापारा में मर्ग क्रमांक 45/2026, धारा 194 बीएनएस के तहत मर्ग जांच शुरू की गई। मर्ग इंटीमेशन, शव पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों एवं पंचों के कथनों के आधार पर पाया गया कि बाइक क्रमांक CG 04 QA 5802 के चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए नानू पाल को टक्कर मारी थी, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हो गई।

मर्ग जांच में आरोपी बाइक चालक का कृत्य धारा 281 और 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पाए जाने पर थाना गोबरा नवापारा में 16 अगस्त 2026 को पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

परिजनों के अनुसार मृतक करीब आठ माह से रायपुर के भाठागांव में रोजी-मजदूरी का काम करता था और 11 जुलाई को ही गांव आया था और उसके साथ यह हादसा हो गया।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर, एक युवक की इलाज के दौरान मौत, FIR दर्ज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button