खुले नाले में गिरा साढ़े चार साल का मासूम, खेलते समय पैर फिसलने से हुआ हादसा, तेज बहाव में बहने से मौत
बारिश के दौरान गली में बह रहा था नाली का पानी, डेढ़ घंटे बाद 150 मीटर दूर मिला बच्चा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले में 24 घंटे से हो रही बारिश एक परिवार के लिए हादसे का कारण बन गया। सोमवार शाम बारिश के दौरान गली में अपनी बड़ी बहन और अन्य बच्चों के साथ खेल रहा साढ़े चार साल का मासूम खुले नाले में गिर गया। नाली में पानी का बहाव इतना तेज था कि बच्चा देखते ही देखते बह गया। करीब डेढ़ घंटे की तलाश के बाद बच्चा घटनास्थल से लगभग 150 मीटर दूर बड़े नाले से बरामद हुआ। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार अमलीडीह इलाके के डॉ. राजेंद्र प्रसाद वार्ड की गली नंबर-5 में सोमवार शाम करीब 5 बजे काव्यांश अपनी बहन और तीन अन्य बच्चों के साथ गली में खेल रहा था। इसी दौरान बारिश के कारण गली में नाली का पानी बह रहा था। खेलते समय अचानक उसका पैर फिसला और वह खुले नाले में जा गिरा। तेज बहाव के चलते वह बहता चला गया।
बच्चों की चीख सुनकर शुरू हुई तलाश
हादसे के बाद साथ खेल रहे बच्चों ने चीख-पुकार मचाई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और नाले में बच्चे की तलाश शुरू की। घटना की सूचना स्थानीय पार्षद को दी गई। पार्षद ने तत्काल जोन कार्यालय के अधिकारियों, बाढ़ आपदा प्रबंधन टीम और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
स्थानीय लोगों और निगम की टीम ने बच्चे की तलाश शुरू की। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद घटनास्थल से लगभग 150 मीटर दूर एक बड़े नाले से काव्यांश को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि काव्यांश अपनी मां किरण और बड़ी बहन के साथ अमलीडीह में किराए के मकान में रहता था। उसके पिता रोजगार के सिलसिले में लखनऊ गए हुए हैं। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नगर निगम की जल निकासी और खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
रायपुर में दर्दनाक हादसा: पानी की टंकी में डूबने से एक साल के मासूम की मौत











