दीक्षार्थी ब्रह्मचारी भैयाओं की भव्य गोद भराई संपन्न, त्याग और वैराग्य की अनुमोदना में उमड़ा समाज

त्याग, तप, संयम और वैराग्य की प्रेरणा देने वाला अविस्मरणीय आयोजन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– श्री दिगंबर जैन समाज नवापारा-राजिम के तत्वावधान में परम पूज्य चर्या शिरोमणि पट्टाचार्य श्री 108 विशुद्धसागर जी मुनिराज के पावन सान्निध्य एवं आशीर्वाद से दीक्षा के पावन पथ पर अग्रसर पांच दीक्षार्थी ब्रह्मचारी भैयाओं की भव्य गोद भराई का मंगल कार्यक्रम शनिवार, 22 अगस्त 2026 को श्री दिगंबर जैन मंदिर नवापारा-राजिम में भक्तिभाव और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

इस अवसर पर ब्र. अंकित भैया जी प्रतापगढ़ (राजस्थान), ब्र. अनिकेत भैया जी मुंबई (महाराष्ट्र), ब्र. यश भैया जी भिंड (मध्यप्रदेश), ब्र. प्रसन्न पाटनी जी छत्रपति संभाजी नगर एवं ब्र. वकील चंद जी बड़ौत का समाजजनों द्वारा आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

दीक्षार्थी भैयाओं का नवापारा-राजिम में शाम करीब 7 बजे आगमन हुआ। इसके बाद जैन भवन से गाजे-बाजे और धार्मिक जयघोष के साथ पांचों दीक्षार्थी भैयाओं की भव्य बिंदोली निकाली गई। इसमें समाज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। बिंदोली के दौरान पूरे मार्ग में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

समाजजन हुए भाव-विभोर

बिंदोली के पश्चात दीक्षार्थी भैयाओं ने नए जिनालय में दर्शन-वंदन कर पुण्यार्जन किया। इसके बाद गोद भराई का मंगल कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। बाल ब्रह्मचारी अक्षय भैया जी के कुशल निर्देशन में गोद भराई की विधि संपन्न कराई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित ऋषभ जैन शास्त्री जी द्वारा दीक्षार्थी भैयाओं से दीप प्रज्वलित करवाकर किया गया।

बताया गया कि पांचों दीक्षार्थी भैया इससे पूर्व पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर भी राजिम पधार चुके हैं। सभी की दीक्षा संभावित रूप से अक्टूबर माह में होने जा रही है। उनके संयम, त्याग, तप और वैराग्य की भावना से समाजजन भाव-विभोर नजर आए।

मंगल गोद भराई की परंपरा में सर्वप्रथम दिगंबर जैन पंचायत कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश जैन, सहसचिव आकाश गंगवाल, संस्कृति सचिव रवि जैन, मंदिर निर्माण समिति से किशोर सिंघई एवं नीरज गंगवाल तथा नसियाजी कमेटी से संजय पाटनी ने दीक्षार्थी भैयाओं की गोद भराई कर पुण्यलाभ अर्जित किया।

महान पुण्य का अवसर

इसके पश्चात बाल ब्रह्मचारी अक्षय भैया जी के निर्देशन में सभी दीक्षार्थी भैयाओं का परिचय कराया गया। क्रमशः सभी भैयाओं ने मंगल देशना प्रदान की। इसके बाद समाज के श्रद्धालुजनों को भी क्रमशः दीक्षार्थी भैयाओं की गोद भराई करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। समाज के प्रत्येक परिवार ने श्रद्धा एवं भावपूर्वक इस मंगल अवसर में सहभागिता निभाई।

समाजजनों ने कहा कि सांसारिक मोह-माया का त्याग कर संयम और आत्मकल्याण के पावन मार्ग पर आगे बढ़ रही इन आत्माओं के त्याग एवं वैराग्य की अनुमोदना करना स्वयं में महान पुण्य का अवसर है। श्रद्धालुओं ने पांचों दीक्षार्थी भैयाओं के आगामी संयममय जीवन की मंगलकामना करते हुए उनके दीक्षा संकल्प की हृदय से अनुमोदना की।

कार्यक्रम के दौरान पूरा मंदिर परिसर धार्मिक जयघोष, भक्ति और अनुमोदना के भावों से गुंजायमान रहा। समाजजनों ने पांचों दीक्षार्थी भैयाओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके निर्विघ्न दीक्षा संस्कार एवं उज्ज्वल संयममय जीवन के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।

श्री दिगंबर जैन समाज नवापारा-राजिम द्वारा आयोजित यह मंगल अवसर समाज के लिए त्याग, तप, संयम और वैराग्य की प्रेरणा देने वाला अविस्मरणीय आयोजन बन गया।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

दीपों की रोशनी में गूंजा हर-हर महादेव, शीतलापारा में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ पार्थिव शिवलिंग पूजन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button