दर्दनाक हादसा: जमीन पर सो रही महिला सरपंच को करैत ने डसा, अस्पताल पहुंचते ही मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक महिला सरपंच की करैत सांप के डसने से मौत हो गई। मेहमानों को पलंग देने के बाद वह जमीन पर सो रही थीं। देर रात करीब 2.30 बजे जमीन पर सोते समय करैत ने उन्हें डस लिया। शुरुआत में परिजनों को सर्पदंश का पता नहीं चला और वे पेट में मरोड़ समझकर उनकी मालिश करते रहे। बाद में पेट पर सांप के डसने के निशान मिलने से हड़कंप मच गया। मामला सरगुजा जिले के ग्राम बतौली का है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बतौली की सरपंच जगरमती पैकरा (48) पति विशुन पैकरा के घर 10 सितंबर की रात मेहमान आए हुए थे। खाना खाने के बाद सोने की व्यवस्था की गई। मेहमानों को अपना पलंग देने के कारण जगरमती पैकरा अपने पति के साथ जमीन पर बिस्तर लगाकर सो गई थीं।
आधी रात को अचानक बिगड़ी तबीयत
रात करीब ढाई बजे जगरमती पैकरा की अचानक नींद खुली। उन्हें बेचौनी और उल्टी होने लगी। पति एवं परिजनों ने कारण पूछा तो उन्होंने पेट में मरोड़ और दर्द होने की बात कही। परिजनों ने इसे सामान्य पेट दर्द समझा और घर की महिला सदस्य उनके पेट की मालिश करने लगीं। इसी दौरान पेट पर सांप के काटने के निशान दिखाई दिए। निशान देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
कमरे में मिला करैत सांप
सर्पदंश का पता चलने के बाद परिजनों ने पूरे कमरे में सांप की तलाश शुरू की। इसी दौरान वहां करैत सांप दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों को यकीन हो गया कि इसी सांप ने जगरमती पैकरा को डसा है। परिजनों ने करैत को एक टब से ढक दिया और तत्काल जगरमती को उपचार के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुए।
एंटी स्नेक वेनम देने के बाद भी नहीं बची जान
जगरमती पैकरा को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार और एंटी स्नेक वेनम देने के बाद उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें एंबुलेंस से रात में ही अंबिकापुर लेकर पहुंचे। हालांकि मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार शुरू होने के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
चिकित्सकों के अनुसार, सर्पदंश का पता देर से चलने के कारण तब तक जहर शरीर में काफी फैल चुका था। एंटी स्नेक वेनम दिए जाने के बावजूद उनकी हालत संभाली नहीं जा सकी। घटना की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया गया।
तीन बच्चों की मां थीं जगरमती
जगरमती पैकरा के तीन बच्चे हैं। उनके दो बेटों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। महिला सरपंच की अचानक हुई मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
राजिम ब्रेकिंग: करैत सांप के काटने से मां-बेटी की मौत, गांव में शोक की लहर











